Akhilesh Yadav Raebareli Visit: रायबरेली मैं आज दिनांक 24 सितंबर 2026 दिन गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रायबरेली आगमन से पहले गुरुवार सुबह शहर में सियासी पोस्टर वार तेज हो गया। सुबह करीब सात बजे शहर के अलग-अलग स्थानों पर पोस्टर लगाए जाने के बाद राजनीतिक माहौल में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। पोस्टरों के जरिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के समर्थक एक-दूसरे पर निशाना साधते नजर आए।
शहर में लगाए गए पोस्टरों में समाजवादी पार्टी की पहचान मानी जाने वाली लाल टोपी और साइकिल को लेकर निशाना साधते हुए लिखा गया— “लाल टोपी, साइकिल… यही है गुंडों की पहचान”। वहीं एक अन्य पोस्टर में “योगी राज में कानून से गुंडई नहीं चलेगी” जैसे संदेश लिखे गए हैं। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे अखिलेश यादव के दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है।

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के समर्थकों की ओर से भी अखिलेश यादव के स्वागत और समर्थन में पोस्टर, होर्डिंग तथा सोशल मीडिया पोस्ट लगातार सामने आ रहे हैं। शहर में जगह-जगह सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत की तैयारियां की गई हैं। अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली से अपनी पीडीए रथ यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। उनके कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।
अखिलेश यादव के दौरे के दौरान जीआईसी मैदान में जनसभा प्रस्तावित है। इसके अलावा वह हरचंदपुर के सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पर भी जाएंगे। दौरे को लेकर शहर में पहले से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।

ऐसे में अखिलेश यादव के पहुंचने से ठीक पहले सामने आए पोस्टरों ने रायबरेली की सियासत को और गर्म कर दिया है। पोस्टर किसने लगाए, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर किसी पक्ष की पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन सुबह से ही इन पोस्टरों की तस्वीरें और चर्चा सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल रही है।
अखिलेश यादव के आगमन से पहले शुरू हुआ यह पोस्टर वार अब रायबरेली में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। राजनीतिक दलों और समर्थकों की गतिविधियों के बीच आने वाले घंटों में शहर का सियासी माहौल और गरम होने की संभावना बनी हुई है।










