उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। हादसे में कम से कम 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे के तुरंत बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आग की लपटों से बचने के लिए यात्रियों ने शीशे और खिड़कियां खोलकर किसी तरह बाहर निकलने का प्रयास किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस आगरा से दिल्ली की ओर जा रही थी। चलते समय बस के पिछले हिस्से में आग लगी, जो कुछ ही मिनटों में पूरी बस में फैल गई। आग इतनी तेज थी कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे बस के अंदर ही फंस गए। आग की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।

हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले कर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि बस में आग लगने के सही कारण का पता लग सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बस कुछ दूरी तक चलती रही, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं। कई यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की और कुछ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
उत्तर प्रदेश सरकार ने हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन ने घायलों के इलाज की व्यवस्था की है और दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस में अग्नि सुरक्षा उपकरण मौजूद थे या नहीं और हादसे में किसी तकनीकी लापरवाही की भूमिका थी या नहीं।










