Amethi News: तिलोई में गूंजा श्रीराम नाम, भव्य श्रीराम कथा का हुआ शुभारंभ

नौ दिवसीय कथा के प्रथम दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, शिव-पार्वती विवाह प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रोता

Amethi: आरबीएस इंटर कॉलेज के प्रांगण में शुक्रवार को नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा कथा परिसर श्रीराम नाम के जयघोष से गूंज उठा और चारों ओर भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

कथा व्यास आचार्य शांतनु जी महाराज ने प्रथम दिवस भगवान की महिमा, शिव-पार्वती विवाह और रामायण की महत्ता का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान सगुण भी हैं और निर्गुण भी। भक्त जिस भाव और श्रद्धा से प्रभु का स्मरण करता है, भगवान उसी भाव के अनुरूप उसे दर्शन देते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्मल मन, श्रद्धा और विश्वास के साथ रामकथा का श्रवण करने का आह्वान किया।

आचार्य शांतनु जी महाराज ने रामायण को कल्पवृक्ष के समान बताते हुए कहा कि रामकथा केवल धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है। इसके श्रवण और गायन से मनुष्य के भीतर सद्भाव, संस्कार और आत्मचिंतन की भावना विकसित होती है।

कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह और भगवान शिव की बारात का प्रसंग सुनाया गया। प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। कथा स्थल पर जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कथा व्यास ने सामाजिक कुरीतियों और बदलते सामाजिक मूल्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने समाज से आडंबर और बुराइयों से दूर रहकर धर्म, संस्कार, सेवा और सदाचार को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रामकथा का वास्तविक उद्देश्य केवल कथा सुनना नहीं, बल्कि उसके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना है।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ व्यास पीठ का पूजन

कथा के यजमान बबलू सिंह एवं अंकिता सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच व्यास पीठ का पूजन किया। इसके बाद आचार्य शांतनु जी महाराज का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को लेकर भी आयोजक सक्रिय नजर आए।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह, कुंवर मृगांकेश्वर शरण सिंह, उत्कर्ष शरण सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुरपुर रमेश कुमार सिंह, अखंड प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।

नौ दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ के साथ ही तिलोई में भक्ति की ऐसी बयार बही कि आरबीएस इंटर कॉलेज का पूरा परिसर श्रीराम नाम के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में कथा के आगामी दिनों को लेकर भी खासा उत्साह दिखाई दिया।

Other Latest News

Leave a Comment