Amethi: जायस में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

ट्रेन की चपेट में आने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह; परिवार में मचा कोहराम

Amethi: जायस थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ट्रैक के पास शव पड़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान पूरे तेजी मजरे ओदारी निवासी रेहान के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गौरीगंज भेज दिया।

जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

रेहान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के मुताबिक मृतक के पिता जलील रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मां रेशमा का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि युवक रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और हादसा कैसे हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों को जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

Other Latest News

Leave a Comment