Indore: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशीबाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव केंद्रीय मंत्री के पैतृक गांव जैत पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय काशीबाई के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही वह उनकी अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए।
शिवराज सिंह चौहान और परिजनों को बंधाया ढांढस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दुख की घड़ी में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां का निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की कामना की।
कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
स्वर्गीय श्रीमती काशीबाई को श्रद्धांजलि देने के लिए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि ग्राम जैत पहुंचे। विधायक रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, रामेश्वर शर्मा और सुरेंद्र पटवा समेत अन्य नेताओं ने भी अंतिम यात्रा में शामिल होकर दिवंगत काशीबाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए और चौहान परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं प्रकट कीं।
एम्स भोपाल में इलाज के दौरान हुआ निधन
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय श्रीमती काशीबाई का शुक्रवार को भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बाद में उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जैत में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने पहुंचे।










