Raebareli: मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने तीन दिवसीय सरस मेला-2026 का किया शुभारंभ, महिला समूहों के उत्पादों की लगाई गई प्रदर्शनी

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जोर, 30 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

Raebareli: रायबरेली के रिफॉर्म क्लब लॉन में रविवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय तीन दिवसीय सरस मेला-2026 का शुभारंभ खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।

महिलाओं के उत्पादों को मिला प्रदर्शनी का मंच

सरस मेले में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। मंत्री ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं से उनके उत्पादों और आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली।

मंत्री ने कहा- हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही मातृशक्ति

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मातृशक्ति को स्वावलंबी एवं सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब स्वयं सहायता समूहों और महिलाओं के छोटे-छोटे कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा तो उनकी मेहनत और उपलब्धियों पर गर्व महसूस होगा। आज महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर हर क्षेत्र में देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन कर रही हैं।

30 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र

सरस मेला कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विधानसभा ऊंचाहार क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास खंडों में नवनियुक्त 30 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें ऊंचाहार विकास खंड की 9, जगतपुर की 3, रोहनिया की 3, दीनशाह गौरा की 2 और डलमऊ की 13 कार्यकत्रियां शामिल हैं।

इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पंचायती राज विभाग के अंतर्गत आकाश पुत्र स्वर्गीय राजकुमार को अनुकंपा नियुक्ति के तहत नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।

बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म में भी शामिल हुए। इसके माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

पराली न जलाने के लिए प्रचार वाहन रवाना

कृषि विभाग की फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत मंत्री ने धान एवं अन्य फसलों की पराली न जलाने और उसका उपयोग जैविक खाद बनाने में करने के प्रति किसानों को जागरूक करने वाले प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने किसानों से फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करने की अपील की।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शुक्ला, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह और परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, सहायक श्रमायुक्त उमेश यादव, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुधीर गिरी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरवी सिंह और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। मंच का संचालन एसएस पाण्डेय ने किया।

Other Latest News

Leave a Comment