Raebareli: चाय की दुकान बंद कर घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला, आधा दर्जन दबंगों ने रॉड-लाठी से पीटा

जोहवा नटकी के पास घेरकर की गई बेरहमी से पिटाई, पैर फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट; जिला अस्पताल में भर्ती, दो आरोपी गिरफ्तार

Raebareli: डलमऊ थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि चाय की दुकान बंद कर घर लौट रहे एक युवक को रास्ते में घेरकर जानलेवा हमला कर दिया गया। जोहवा नटकी के पास पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन हमलावरों ने युवक पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। हमलावर युवक को मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अंकित कुमार को रविवार, 1 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, डलमऊ थाना क्षेत्र के देवली निवासी अंकित कुमार 30 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे अपनी चाय की दुकान बंद करके घर लौट रहा था। इसी दौरान जोहवा नटकी के पास पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने एकराय होकर उसे रोक लिया। इससे पहले कि अंकित कुछ समझ पाता, हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया। युवक को बेरहमी से पीटने के बाद आरोपी उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया।

डॉक्टरों के मुताबिक युवक के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हमले में उसका एक पैर पूरी तरह फ्रैक्चर हो गया है। गंभीर चोटों के चलते युवक का उपचार जारी है।

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही डलमऊ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अंकित रावत, शिवा, प्रिंस, विवेक, गुड्डू और विपिन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 117(2) के तहत कार्रवाई की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

अब सवाल यह है कि आखिर मामूली विवाद या पुरानी रंजिश के चलते किसी युवक को इस कदर बेरहमी से पीटने की नौबत क्यों आई? फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Other Latest News

Leave a Comment