मिशन शक्ति 5.0 के तहत एडीजी जोन ने किया फुट पेट्रोलिंग, महिलाओं को दिलाया सुरक्षा का एहसास

गोरखपुर : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत गुरुवार को एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन ने जिले में व्यापक स्तर पर फुट पेट्रोलिंग की।

एडीजी जोन ने जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस बल के साथ मिलकर गोरखनाथ, आर्यनगर, पुराना गोरखपुर, मानसरोवर और रामलीला मैदान जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया और महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

पेट्रोलिंग के दौरान एडीजी ने पुलिस बल को निर्देश दिए कि संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त की जाए और एंटी-रोमियो स्क्वॉड व महिला बीट पुलिस को और अधिक सक्रिय बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चियों को निडर वातावरण उपलब्ध कराना है।

एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने कहा कि “महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस हर समय उनके साथ खड़ी है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हर महिला और बच्ची खुद को सुरक्षित महसूस करे और सम्मान के साथ समाज में आगे बढ़ सके। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, त्वरित कार्रवाई की जाएगी।”

Other Latest News

Leave a Comment