रांची : पर्यावरण दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन ने रांची की जनता को दी बड़ी सौगात, सीएम ने किया सिरमटोली फ्लाईओवर का उदघाटन

सीएम हेमंत सोरेन ने फ्लाईओवर का नामांकरण झारखंड के सपूत दिवंगत कार्तिक उरांव के नाम पर करने की घोषणा की

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्य की जनता को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने आधुनिकतम तकनीक से निर्मित सिरमटोली चौक से राजेंद्र चौक होते हुए मेकॉन गोलचक्कर तक फोरलेन फ्लाईओवर / एलिवेटेड पथ -सह -आरओबी परियोजना का उद्घाटन कर इसे राज्य की जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने इस फ्लाईओवर का नामकरण झारखंड के सपूत दिवंगत कार्तिक उरांव के नाम पर करने की घोषणा की। वहीं मुख्यमंत्री ने वन भवन, डोरंडा, रांची में विश्व पर्यावरण दिवस समारोह में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने सिरमटोली सरना स्थल में पूजा -अर्चना कर राज्य के सर्वांगीण विकास, सुख -समृद्धि और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों के व्यवस्थित विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में कई योजनाएं धरातल पर उतर चुकी है और कई योजनाओं का क्रियान्वयन जल्द होगा। उन्होंने कहा कि राजधानी रांची को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इस फ्लाईओवर के चालू होने से राजधानी वासियों को काफी हद तक ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी । इससे यातायात व्यवस्था सुगम होगा और परिवहन में समय के साथ ईंधन की बचत होगी।

सीएम ने कहा कि हमारी सरकार को आपका बड़ा सहयोग मिला है। ऐसे में हमारी सरकार राज्य की जनता के प्रति जिम्मेदारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ निभा रही है। एक जिम्मेदार सरकार होने के नाते हम शहर से लेकर गांव तक हर व्यक्ति, वर्ग, समुदाय और तबके के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य योजनाओं को धरातल पर उतार रहे हैं, ताकि इस राज्य को पूरी मजबूती के साथ आगे ले जा सकें। इस कड़ी में जहां बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, वहीं मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के जरिए नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसी ही कई और योजनाएं हैं, जिनसे लोगों को सशक्त बनाने का प्रयास निरंतर जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी देश और राज्य से अपने राज्य की तुलना करना उचित नहीं है। हर देश की अपनी अलग-अलग व्यवस्थाएं, वातावरण, रहन-सहन और माहौल होते हैं, जिसे अपने प्रदेश में लागू करना उचित नहीं है। लेकिन, हम वहां की बेहतर व्यवस्था को अपने राज्य के वातावरण, जरूरतों और परिस्थितियों के अनुरूप अपना सकते हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड वीरों-वीरांगनाओं की धरती है। हमारे पूर्वजों ने देश की आजादी की लड़ाई में बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया था। संविधान निर्माण समिति में भी हमारे राज्य के कई व्यक्तित्व शामिल थे । ऐसे में अपने इन वीर शहीदों, और शख्सियतों को सम्मान देने की परंपरा कभी नहीं रुकेगी। वहीं मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कहा कि आज पर्यावरण के साथ छेड़छाड़ लगातार हो रहा है। पर्यावरण पर हो रहा यह हमला मानव जीवन और जीव जंतुओं के लिए खतरा बनता जा रहा है। आज पर्यावरण पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बन चुका है। अगर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे नहीं आएं तो हम सभी को इसके गंभीर परिणाम भुगतने से कोई रोक नहीं सकता। ऐसे में पर्यावरण को बचाने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

उन्होंने लोगों से कहा कि इसके लिए हम सभी सिर्फ एक-एक पेड़ भी लगाएं तो निश्चित तौर पर बदलाव देखने को मिलेगा और यह पर्यावरण के लिए काफी निर्णायक साबित होगा। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि हमें ऐसी चीजों से दोस्ती करना चाहिए, जिससे पर्यावरण को खतरा नहीं हो। उन्होंने कहा कि आज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। एक छोटा सा प्लास्टिक का बैग आपकी जिंदगी को खतरे में डाल सकता है। इसी वजह से प्लास्टिक के इस्तेमाल को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाए जा रहे हैं। लेकिन, इसका कोई अंतिम परिणाम अभी तक सामने नहीं आ पाया है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक आने के पूर्व भी हमारी जिंदगी चल रही थी।

हम एनवायरमेंट फ्रेंडली सामानों का इस्तेमाल कर रहे थे और प्रकृति का बचाव भी हो रहा था । ऐसे में आज एक बार फिर हमें वैसी चीजों के इस्तेमाल के लिए आगे आना होगा, जिससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचे। इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक अमित कुमार महतो, विधायक सुरेश बैठा, राज्य समन्वय समिति के सदस्य राजेश ठाकुर, मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव सुनील कुमार, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, सचिव अबुबकर सिद्दीक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार औऱ रांची रेल मंडल के डीआरएम सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।

Related posts

रांची : ग्लैम स्टूडियोज ने रांची के अशोक नगर में पहला सैलून लॉन्च किया

रांची : राजद के पुराने वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र महतो पुनः रांची जिलाध्यक्ष निर्वाचित, निर्वाचन पदाधिकारी मंजू साह ने की घोषणा

एसपी समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने IMA टीम के साथ खेला क्रिकेट मैच