बोकारो में मिली हथियार बनाने की फैक्टरी, सरगना फरार

रिपोर्ट : अविनाश कुमार

बोकारो में अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का उद्भेदन पुलिस ने किया है। इसके पूर्व धनबाद में एक ऐसी ही फैक्टरी का खुलासा पुलिस ने किया था। 25 दिन के अन्दर झारखंड के दो जिलों में अवैध हथियार बनाने की मिली फैक्टरी यह संकेत दे रही है कि राज्य में अवैध हथियारों का कारोबार फल फूल रहा है। बोकारो के पुलिस कप्तान हरविंदर सिंह ने आज बताया कि 19 जून की रात बेरमो के गांधीनगर ओपी के जरीडीह के उपर बाजार स्थित सूरज साव के घर और कावेरी मैरिज हाल में कोलकाता एटीएस और झारखंड एटीएस ने संयुक्त छापेमारी की। मैरिज हाल के ठीक सामने वाले गोदाम में हथियार बनाने वाली लेथ मशीन, अनेक अर्धनिर्मित पिस्टल और अनेक अवैध हथियार बनाने के उपकरण जब्त किए गए, साथ ही दो लोग हथियार बनाते पकड़े भी गए। एसपी हरविंदर सिंह ने आगे बताया कि पकड़े गए दोनों कारीगर बिहार के है। प्रवीण कुमार मुंगेर तो केशव कुमार खगड़िया का रहने वाला है। इस स्थान से नगद एक लाख रूपये, 06 अर्धनिर्मित पिस्टल, पिस्टल बनाने की अन्य सामग्री आदि मिले। साथ ही यहां अवैध टिप्सी बीयर भी बनाया जाता था। 40 केन टिप्सी बीयर और इसके साथ बीयर बनाने की अन्य सामग्री भी जब्त की गई। इस अवसर पर बेरमो के डीएसपी बी. एन. सिंह के अतिरिक्त अन्य पुलिस अधिकारी ही मौजूद थे। एसपी ने कहा कि इस धंधे में लिप्त अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

आपको बता दे कि 29 मई 2025 को धनबाद के महुदा में भी एक अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का उद्भेदन हुआ था। इस उद्भेदन में भी पश्चिम बंगाल एटीएस शामिल था। तब यह जानकारी सामने आई थी कि यहां से निर्मित अवैध हथियार का बड़ा मार्केट पश्चिम बंगाल के कई क्षेत्र हैं। 19 जून वाले अभियान में भी कोलकाता एटीएस की मौजूदगी इस बात का इशारा है कि बोकारो में बन रहा अवैध हथियार का भी पश्चिम बंगाल से लिंक है।

Related posts

भारतीय नौसेना भवन में तैनात सैन्य कर्मी “विशाल यादव” को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में किया गिरफ्तार

अमेठी : राष्ट्रीय कबड्डी चैम्पियनशिप में जनपद के अभिषेक का हुआ चयन

35 वर्ष बाद हरचंदपुर की शोरा सहकारी समिति में फिर उतरी खाद, जर्जर भवन में शुरू हुआ नया दौर