Badaun News : आसमान से गिरी 25 किलो की बर्फ की सिल्ली, ईंट भट्ठे पर बाल-बाल बचे मजदूर; बिल्सी में सनसनी

Badaun News : बदायूं जिले के बिल्सी क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूरी तरह साफ और धूप भरे आसमान से अचानक 20-25 किलो वजनी बर्फ की एक बड़ी सिल्ली (आइस चंक) धड़ाम से गिर पड़ी। यह हैरतअंगेज वाकया बिल्सी थाना क्षेत्र के दीनपुर शेखपुर चौराहे पर स्थित बाबा ईंट भट्ठे पर हुआ। बर्फ की यह विशाल सिल्ली भट्ठे के ठीक बीच में गिरी, जहां उस वक्त दर्जनों मजदूर ईंटें बना रहे थे। गनीमत रही कि कोई मजदूर इसके ठीक नीचे नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता।

मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे का वक्त था। मौसम पूरी तरह सुनहरा और साफ था, कहीं बादल तक नहीं थे। अचानक तेज आवाज के साथ ऊपर से कुछ गिरा और धरती पर टकराते ही बर्फ के टुकड़े चारों तरफ बिखर गए। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई।

मजदूर वीर सिंह ने बताया कि “हम लोग ईंटें गढ़ रहे थे, अचानक जोर की आवाज आई और ऊपर से बर्फ का बड़ा सा टुकड़ा गिरा। बहुत जोर से आवाज हुई, हम सब डर के मारे इधर-उधर भागे। ऊपर देखा तो आसमान बिल्कुल साफ था, कहीं बादल भी नहीं थे। भगवान की दया से कोई हादसा नहीं हुआ।”

एक अन्य मजदूर सोमेंद्र ने कहा कि “20-25 किलो की बर्फ थी, इतनी बड़ी सिल्ली हमने कभी नहीं देखी। कहां से आई, समझ नहीं आया। हम तो बाल-बाल बचे।”

मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना बिल्सी तहसील के एसडीएम प्रेम पाल सिंह को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम ने स्थानीय पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और बर्फ के टुकड़ों को देखकर हैरान रह गई।

बिल्सी एसडीएम प्रेम पाल सिंह ने बताया कि “हमें सूचना मिली कि आसमान से 20-25 किलो वजनी बर्फ की सिल गिरने की घटना हुई है। मैंने तुरंत पुलिस को मौके पर भेजा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। यह बहुत ही असामान्य घटना है, हम इसकी गहन जांच करा रहे हैं। वैज्ञानिक वजह क्या है, इसे भी पता किया जा रहा है।”

वैज्ञानिकों के अनुसार इस तरह की घटना को “मेगाक्रायोमीटीयोर” कहा जाता है। जब ऊंचाई पर मौजूद पानी की बूंदें बहुत तेजी से जमकर बड़ी बर्फ की सिल्लियां बन जाती हैं और बादल न होने के बावजूद आसमान से गिर पड़ती हैं। हालांकि भारत में ऐसी घटनाएं बेहद दुर्लभ हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। ईंट भट्ठे पर काम फिर शुरू हो गया है, लेकिन मजदूरों के चेहरे पर दहशत अभी भी साफ दिखाई दे रही है।

Other Latest News

Leave a Comment