Bahraich: सैकड़ों विद्यार्थियों ने एक साथ गाया वंदे मातरम्, राष्ट्रभक्ति से गूंजा विद्यालय परिसर

Bahraich: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज माधवपुरी में शुक्रवार को 12 बजे विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, सरस्वती शिक्षा परिषद अवध प्रांत उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। इसके बाद विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत दिखाई दिया।

मुख्य अतिथि जिला कार्यवाह भूपेंद्र सिंह ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति और देश के गौरवशाली इतिहास को समझने तथा राष्ट्रभाव को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि ओम पाल सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति और सामाजिक दायित्व की भावना जागृत करते हैं। उन्होंने अनुशासन, संस्कार और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष राम नारायण पाण्डेय, प्रबंधक कमलेश कुमार अग्रवाल, प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और समाजहित में अपने दायित्वों के निर्वहन के संकल्प के साथ हुआ।

Other Latest News

Leave a Comment