Bihar Election First Phase Voting Live: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Elections 2025) के रण का बिगुल बज चुका है और अब निगाहें पहले चरण के मतदान पर टिक गई हैं। गुरुवार को प्रदेश के मतदाता तय करेंगे कि कौन बनेगा बिहार का सियासी बादशाह। इस चरण में 121 सीटों पर 1314 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मैदान में दिग्गज नेताओं से लेकर चर्चित चेहरों तक की लंबी फेहरिस्त है— जिसमें तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और लोकगायिका मैथिली ठाकुर जैसे नाम शामिल हैं। इस चरण का मतदान कई बड़े राजनीतिक समीकरणों को भी बदल सकता है। आइए जानते हैं पूरी खबर क्या है…
पहले चरण का मतदान/Bihar Election First Phase Voting Live
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Elections 2025) के पहले चरण का मतदान गुरुवार को होने जा रहा है। इस चरण में प्रदेश की 121 विधानसभा सीटों (Vidhan Sabha Seats) पर 3.75 करोड़ से अधिक मतदाता 1314 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना और भोजपुर जैसे 17 जिलों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इन सीटों पर मतदाता यह तय करेंगे कि सत्ता की बागडोर किसके हाथों में जाएगी और कौन नेता फिर से विधानसभा में लौटेगा।

एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला
पहले चरण के चुनाव में एनडीए (NDA) और महागठबंधन (Mahagathbandhan) के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। एनडीए की ओर से कुल 121 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें भाजपा के 48, जदयू के 57, लोजपा (रामविलास) के 14 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के दो प्रत्याशी शामिल हैं। वहीं महागठबंधन की तरफ से 126 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें राजद के 73, कांग्रेस के 24, भाकपा माले के 14, वीआईपी के पांच, माकपा के तीन और भाकपा के पांच उम्मीदवार शामिल हैं। इसके अलावा इंडियन इंकलाब पार्टी (आईआईपी) के भी तीन प्रत्याशी इस चुनावी जंग में हैं। दोनों गठबंधनों ने इस चरण को निर्णायक मानते हुए पूरी ताकत झोंक दी है।
दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
इस चरण के चुनाव में कई बड़े नेताओं की साख दांव पर है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और राजद नेता तेजस्वी यादव की किस्मत गुरुवार को ईवीएम में बंद होगी। इनके साथ ही इस चरण में 14 मंत्री भी मैदान में हैं, जिनके भविष्य का फैसला भी मतदाता करेंगे। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा महनार से उम्मीदवार हैं, जबकि रालोमो के अध्यक्ष मदन चौधरी पारू से किस्मत आजमा रहे हैं। आईआईपी के अध्यक्ष इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता (Indrajit Prasad Gupta) भी सहरसा से चुनावी मैदान में हैं। यह चरण केवल दलों के बीच नहीं, बल्कि नेताओं की साख की भी परीक्षा बन गया है।
चर्चित चेहरों से बढ़ी चुनावी रौनक
पहले चरण के मतदान में इस बार ग्लैमर और चर्चा दोनों का रंग देखने को मिल रहा है। लोकगायिका मैथिली ठाकुर (Maithili Thakur), अभिनेता-गायक खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav), पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा (Anand Mishra), सिवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के पुत्र ओसामा शहाब, और परसा सीट से पूर्व सीएम दारोगा राय की पोती करिश्मा राय जैसे कई नामी चेहरे मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों की मौजूदगी से चुनावी माहौल और भी रोमांचक हो गया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि मतदाता इन चेहरों पर कितना भरोसा जताते हैं और 121 सीटों का यह चुनावी संग्राम कौन जीतता है।










