Bokaro Thermal में अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस-CISF और CCL सिक्योरिटी की संयुक्त छापेमारी में 25 टन कोयला जब्त

Bokaro Thermal में पुलिस, CISF और CCL सुरक्षा टीम ने संयुक्त छापेमारी कर करीब 25 टन अवैध कोयला जब्त किया। बंद पड़ी खदान से हो रहे अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करते हुए कोयले को जब्त कर परियोजना को सौंप गया।

Bokaro Thermal : बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस, सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कारो स्पेशल फेज-दो स्थित बंद पड़ी पांच नंबर खदान में छापेमारी कर लगभग 25 टन अवैध कोयला जब्त किया। यह कार्रवाई शुक्रवार रात से शनिवार तक चलाए गए अभियान के दौरान की गई।

सूत्रों के अनुसार लंबे समय से इस क्षेत्र में बंद खदान से चोरी-छिपे कोयला निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर अधिकारियों ने योजना बनाकर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।

एक हजार बोरियों में भरकर रखा गया था कोयला

छापेमारी के दौरान सुरक्षा टीम को बड़ी मात्रा में कोयला खदान के बाहर मिला। अवैध तरीके से निकाले गए कोयले को लगभग एक हजार सीमेंट की बोरियों में भरकर रखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसे जल्द ही बाहर भेजने की तैयारी की जा रही थी।

मौके पर मौजूद जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच की और बरामद कोयले को जब्त कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन करने वाले लोग छापेमारी की भनक लगते ही वहां से फरार हो गए।

5 टन कोयले किया जब्त

कार्रवाई के पहले चरण में शुक्रवार रात को ही टीम ने लगभग 5 टन कोयला जब्त कर सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। इसके बाद शनिवार को सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर डी. मांझी अपने सुरक्षा दल के साथ मौके पर पहुंचे।

जेसीबी मशीन और सीसीएल के ट्रकों की मदद से शेष लगभग 20 टन कोयला लोड कर लिया गया। बाद में पूरे कोयले को खासमहाल परियोजना में जमा कराया गया ताकि उसका सुरक्षित उपयोग किया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि जिस जगह से अवैध उत्खनन किया जा रहा था, उसे चिन्हित कर लिया गया है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए खदान के उस हिस्से को जेसीबी मशीन से पूरी तरह भर दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध खनन करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बंद खदानों का फायदा उठाकर चोरी का धंधा चल रहा था।

सीसीएल के एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर ने स्पष्ट कहा कि कंपनी की संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध कोयला कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां खदान क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ा रही हैं ताकि कोयला चोरी जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Other Latest News

Leave a Comment