Ram Navami 2026 : बोकारो थर्मल क्षेत्र में रामनवमी का पावन पर्व इस वर्ष पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लहरियाटांड़, नयाबस्ती, गोविंदपुर, बाजारटांड, जरवा बस्ती एवं मुर्गीफॉर्म सहित विभिन्न अखाड़ों ने संयुक्त रूप से भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली।
नगर यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
नगर भ्रमण के दौरान अखाड़ों के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए और अपनी-अपनी कला का प्रदर्शन करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा स्थल पहुंची, जहां सभी अखाड़ों ने क्रमवार अपनी कला बाजी की शानदार प्रस्तुति दी।

लहरियाटांड़, नयाबस्ती, गोविंदपुर, बाजारटांड, जरवा बस्ती और मुर्गीफॉर्म के अखाड़ों ने मिलकर भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पूरे शहर का भ्रमण करती रही। रास्ते भर लोग इस आयोजन का स्वागत करते नजर आए और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

इस अवसर पर डीवीसी परियोजना की ओर से आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसमें शिव गणों के साथ भगवान हनुमान की भव्य झलक ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
सेवा भाव ने बढ़ाया आयोजन का मान
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह शर्बत, गुड़ और पेयजल की व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और अखाड़ों के साथ लगातार पेट्रोलिंग की गई, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।










