सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, राँची में मंगलवार को एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मार्च, 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 5 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल (CCL) के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार, आज सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 99 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा कीं।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के नाम इस प्रकार हैं- शशांक शेखर झा, महाप्रबंधक (सिविल), सिविल विभाग, राज कुमार, महाप्रबंधक (खनन), खनन विभाग, बिजॉय कुमार रॉय, वरिष्ठ निजी सहायक, कॉर्पोरेट अकाउंट्स विभाग, अब्दुल जबार अंसारी, पंप ऑपरेटर, सिविल (मेंटेनेंस), जीएनसी विभाग एवं श्याम किशोर प्रसाद, ईपी फिटर ग्रेड-डी, ऑफिस मेंटेनेंस विभाग।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमडी (सीसीएल) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र तथा निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “किसी भी संगठन की वास्तविक पूंजी उसके कर्मी होते हैं। आप सभी ने अपने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से सीसीएल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आपका यह योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।” उन्होंने सभी कर्मियों को उनके स्वस्थ, सुखद एवं गरिमापूर्ण जीवन की कामना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
वहीं, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि “सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है। आप सभी ने अपने अनुभव, ज्ञान और कार्यनिष्ठा से संगठन को सशक्त बनाया है। हमें विश्वास है कि आप अपने जीवन के आगामी चरण में भी इसी ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।”
निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा ने कहा कि “संगठन की प्रगति में प्रत्येक कर्मी का योगदान महत्वपूर्ण होता है। आप सभी ने अपने कार्यकाल में जो अनुभव और ज्ञान अर्जित किया है, वह संगठन की अमूल्य धरोहर है। हमें विश्वास है कि आप अपने जीवन के आगामी चरण में भी उसी समर्पण और सकारात्मकता के साथ समाज में योगदान देते रहेंगे।
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।










