CIL अंतर कंपनी बैडमिंटन प्रतियोगिता में CCL टीम का शानदार प्रदर्शन, विभिन्न वर्गों में हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धियाँ

निदेशक(वित्त) एवं निदेशक (मानव संसाधन) ने खिलाड़ियों से भेंट कर दी बधाई, किया उत्साहवर्धन

सीसीएल (CCL) की टीम ने सीआईएल (CIL) अंतर कंपनी बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कंपनी का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं की घोषणा 28 मार्च 2026 को की गई, प्रतियोगिता में सीसीएल की महिला टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में उपविजेता (Runner-up) का स्थान प्राप्त किया। महिला टीम की खिलाड़ियों में पूजा ठाकुर, संयमी निधि, मंजू देवी एवं मिस मालती कुमारी शामिल रहीं, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट समन्वय एवं खेल कौशल का परिचय दिया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी सीसीएल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। संयमी निधि ने महिला ओपन सिंगल्स वर्ग में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया, जबकि वेटरन पुरुष ओपन सिंगल्स वर्ग में अविनाश कुमार तिवारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इन उपलब्धियों से यह स्पष्ट होता है कि सीसीएल के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर हैं।

इस मौके पर सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा तथा निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने खिलाड़ियों से भेंटकर उन्हें जीत की बधाई दी और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन अपने कर्मचारियों को खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए निरंतर प्रेरित करता है, ताकि कर्मचारियों का बहुआयामी विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करते हुए सीसीएल का नाम और अधिक ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।

सीसीएल प्रबंधन कर्मचारियों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्ध है और खेल गतिविधियों को स्वस्थ कार्य-संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है। सीसीएल टीम की इस उपलब्धि पर कंपनी परिवार में हर्ष का माहौल है तथा सभी ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

Other Latest News

Leave a Comment