Donald Trump Big Claim On Tariff: अमेरिका (United States) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) एक बार फिर अपने तीखे और चौंकाने वाले बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। राष्ट्र को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया है कि उनके नेतृत्व में दुनिया के कई बड़े टकराव खत्म हुए हैं। उन्होंने कहा कि महज 10 महीनों में उन्होंने 8 युद्धों को समाप्त कराया और इसके पीछे उनकी सबसे बड़ी ताकत ‘टैरिफ नीति’ रही। ट्रंप का यह बयान न सिर्फ अमेरिकी राजनीति में हलचल पैदा कर रहा है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई बहस को जन्म दे रहा है। उन्होंने अपने भाषण में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) पर भी गंभीर आरोप लगाए। आखिर ट्रंप ने क्या-क्या दावे किए, इन बयानों का मतलब क्या है और आगे इसके क्या संकेत हैं चलिए समझते हैं…
ट्रंप के दावों और भाषण के मायने/Donald Trump Big Claim On Tariff
79 वर्षीय डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने यह बयान अपने 2026 एजेंडे से जुड़े एक संबोधन के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने अमेरिका की वैश्विक स्थिति को फिर से मजबूत किया है। ट्रंप के अनुसार, उनकी नीतियों ने न सिर्फ अमेरिका की आर्थिक ताकत बढ़ाई, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाने में भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने ‘टैरिफ’ को अपनी राजनीति का सबसे मजबूत औजार बताते हुए कहा कि यह शब्द उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है। ट्रंप का मानना है कि टैरिफ ने अमेरिका को बातचीत की मेज पर मजबूत स्थिति दिलाई, जिससे कई अंतरराष्ट्रीय विवादों का समाधान संभव हुआ। उनके इस दावे को उनके समर्थक मजबूत नेतृत्व की मिसाल बता रहे हैं।

10 महीनों में 8 युद्ध खत्म करने की बात
अपने भाषण में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान (Iran) से जुड़े परमाणु खतरे को खत्म किया और गाजा (Gaza) में लंबे समय से चल रहे संघर्ष को रोकने में भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस दौरान बंधकों की रिहाई सुनिश्चित की गई, चाहे वे जीवित हों या मृत। ट्रंप के अनुसार, टैरिफ नीति ने संबंधित देशों पर आर्थिक दबाव बनाया, जिससे उन्हें समझौते के लिए मजबूर होना पड़ा। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप के ये दावे वास्तविकता से ज्यादा राजनीतिक बयानबाजी हो सकते हैं। फिर भी, यह बयान वैश्विक कूटनीति में टैरिफ की भूमिका को लेकर नई चर्चा छेड़ रहा है।
टैरिफ, अर्थव्यवस्था और आलोचनाओं पर ट्रंप का रुख
अमेरिका में बढ़ती महंगाई और आयातित वस्तुओं की कीमतों में इजाफे के बावजूद ट्रंप ने इन मुद्दों पर ज्यादा बात नहीं की। उन्होंने जोर देकर कहा कि टैरिफ से अमेरिका को उम्मीद से कहीं ज्यादा राजस्व मिला है और इससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी (Republican Party) के टैक्स कट कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों और कारोबारियों को राहत मिली। उनके प्रशासन के दौरान कनाडा (Canada), मैक्सिको (Mexico), ब्राजील (Brazil) और भारत (India) सहित कई देशों पर टैरिफ लगाए गए। आलोचकों का कहना है कि इससे वैश्विक व्यापार में तनाव बढ़ा और आम लोगों पर महंगाई का बोझ पड़ा।
ख़ुद पर लगे अरोपों पर ट्रम्प की चुप्पी
हालिया सर्वे में ट्रंप की आर्थिक नीतियों को लेकर असंतोष सामने आने के बावजूद उन्होंने अपने भाषण में इस पर सफाई नहीं दी। इसके बजाय उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस (Kamala Harris) पर तीखा हमला बोला। ट्रंप ने कहा कि सत्ता संभालते समय देश की स्थिति खराब थी और मौजूदा समस्याएं पिछली सरकार की देन हैं। उन्होंने आव्रजन, महंगाई और सामाजिक मुद्दों के लिए डेमोक्रेट सरकार को जिम्मेदार ठहराया। फिलहाल, ट्रंप के ये बयान साफ संकेत देते हैं कि आने वाले समय में अमेरिकी राजनीति और ज्यादा आक्रामक और ध्रुवीकृत होती नजर आएगी।










