गाजियाबाद की मिशन शक्ति टीम ने दिखाया दम, चार शातिर ई-रिक्शा चारों को पकड़ा, सात रिक्शा बरामद

गाजियाबाद कमिश्नरेट की महिला पुलिसकर्मियां किसी वीरांगना से कम नहीं हैं। अपराध की दुनिया में अपराधियों के होश उड़ाने वाली इन महिला पुलिसकर्मियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे न केवल कानून की रक्षा करती हैं बल्कि हर मोर्चे पर डटकर मुकाबला करने में सक्षम हैं।

प्रदेश में चल रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जहां महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, वहीं गाजियाबाद की महिला पुलिस इस मुहिम को नई पहचान दे रही है। शुक्रवार को नंदग्राम थाना क्षेत्र की पिंक बूथ पुलिस टीम ने साहसिक कार्रवाई करते हुए चार शातिर ई-रिक्शा चोरों को गिरफ्तार कर लिया। यही नहीं, इन अपराधियों के कब्जे से चोरी की गई सात ई-रिक्शा भी बरामद की गईं।

एसीपी नंदग्राम जिन्हें लोग आयरन लेडी उपासना पांडे के नाम से जानते हैं, उन्होंने ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखनऊ के रोहित कुमार, बिहार निवासी मिथुन कुमार, मथुरा निवासी विमल कुमार और बुलंदशहर के विशु शर्मा के रूप में हुई है। यह सभी आरोपी लंबे समय से ई-रिक्शा चोरी कर उन्हें बेचने के धंधे में लिप्त थे और कमाए हुए पैसे से ऐशो-आराम और अपने शौक पूरे करते थे।

उन्होंने बताया कि पिंक बूथ पुलिस ने राजनगर एक्सटेंशन की ओर चेकिंग अभियान चलाया था। उसी दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखने पर जब गाड़ियों को रोका गया तो इन शातिर चोरों का भंडाफोड़ हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अपराध स्वीकार कर लिए।महिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। यह गिरोह गाजियाबाद ही सक्रिय रहा है। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से चोरी की कई वारदातों का खुलासा होगा।

गाजियाबाद में यह पहली बार नहीं है जब महिला पुलिसकर्मियों ने अपराधियों पर शिकंजा कसा हो। पूर्व में भी महिला पुलिस ने एक आरोपी को एनकाउंटर में गिरफ्तार कर पूरे प्रदेश में अपनी बहादुरी की छाप छोड़ी थी। अब चार शातिर चोरों की गिरफ्तारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि महिला पुलिसकर्मियों का हौसला और साहस किसी भी पुरुष पुलिसकर्मी से कमतर नहीं है।

Other Latest News

Leave a Comment