रायबरेली : गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बाजार से खरीदारी कर लौट रहे पिता-पुत्र की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल में जुड़ गई है।
जानकारी के अनुसार बता दें कि उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के विशंभर खेड़ा गड़रियन खेड़ा मजरे खानपुर के निवासी 37 वर्षीय बाबू पाल अपने 8 वर्षीय पुत्र रितेश के साथ गुरुवार दोपहर बाजार से दैनिक जरूरतों की खरीदारी कर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। खानपुर मोड़ के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार से सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाबू पाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे,जबकि रितेश एक कक्षा तीसरी का छात्र था।

स्थानीय लोगो ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। गुरुबक्शगंज थाने की पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। शवों को कब्जे में लेने के बाद उन्हें जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें बाइक की तेज गति और सड़क पर फिसलन को प्रमुख माना जा रहा है।
गुरुबक्शगंज थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया,की हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे खानपुर मोड़ के पास हुआ। उन्नाव जिले के निवासी बाबू पाल और उनका पुत्र रितेश बाइक से लौट रहे थे जब वाहन अनियंत्रित हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार मुख्य कारण लग रही है। मृतकों के परिजन उन्नाव से रायबरेली पहुंचे। बाबू पाल के बड़े भाई ने बताया कि वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। रितेश की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने मृतकों के परिवार को सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।










