Bokaro : झारखंड के बोकारो जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नईबस्ती में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से भागने की फिराक में था। लेकिन, महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया।

ग्रामीणों ने आरोपी को पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना से गुस्साई भीड़ ने आरोपी पति की जमकर पिटाई कर दी। इस बीच किसी ने मामले की सूचना बोकारो थर्मल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से आरोपी को छुड़ाया और उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता चल सके।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना रविवार अहले सुबह की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने तैश में आकर पत्नी पर चाकू से कई वार कर दिए। इस हमले में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आ पाएगी। इस घटना के बाद से इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।










