Indore News: मिलावटखोरों पर सख्ती, पटाखा दुकानों की होगी जांच; लापरवाही पर लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ तेज होगा अभियान, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश

Indore: दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए इंदौर जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को मिलावटखोरों के विरुद्ध चल रहे अभियान में तेजी लाने और पटाखा दुकानों तथा गोदामों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस भी निरस्त किए जा सकते हैं।

खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ तेज होगा अभियान

कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में समय-सीमा पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और आमजन की समस्याओं की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इसके साथ ही नापतौल विभाग को भी अभियान चलाकर अनियमितताएं करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर वेतन काटने के निर्देश

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में समाधान किया जाए और शिकायतकर्ताओं को संतुष्टिपूर्ण निराकरण उपलब्ध कराया जाए।

इस दौरान चार प्रकरणों की रैंडम समीक्षा में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ वेतन कटौती के निर्देश दिए गए। इनमें स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर का पांच दिन का वेतन, परदेशीपुरा अस्पताल के पीएचएम का सात दिन का वेतन, शासकीय नवीन महाविद्यालय के प्राचार्य का तीन दिन का वेतन और नगर निगम जोन-10 के वार्ड क्रमांक 39 के उपयंत्री का पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश शामिल हैं।

पटाखा दुकानों और गोदामों का होगा सघन निरीक्षण

दीपावली के मद्देनजर कलेक्टर ने पटाखा दुकानों और गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नियमित और सघन निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आग लगने जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी पटाखा दुकानों और गोदामों में निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन होना चाहिए। साथ ही, दुकान या गोदाम का संचालन केवल लाइसेंस प्राप्त व्यक्ति द्वारा ही किया जाना सुनिश्चित किया जाए। यदि लाइसेंसधारी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति संचालन करता पाया जाता है, तो नियमानुसार लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

सार्वजनिक स्थलों पर भी जांची जाएगी फायर सेफ्टी व्यवस्था

कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले के संवेदनशील और सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं पाए जाएं, वहां जिम्मेदार व्यक्तियों और संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में शासकीय मंदिरों की वर्तमान स्थिति, उनके रखरखाव और संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

जल संरक्षण और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर

बैठक के प्रारंभ में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक सुभाष चंद्र ने अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने जिले में जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। इसके लिए नागरिकों को जागरूक करने और संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

उन्होंने महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

टीएल बैठक में अपर कलेक्टर नवजीवन पवार और रिंकेश वैश्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, वनमंडलाधिकारी सुधाकर सिंह, नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह, प्रखर सिंह और श्रंगार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment