Bokaro : आगामी चास नगर निगम चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूरी तैयारी, संगठनात्मक मजबूती और स्पष्ट जनहितकारी दृष्टिकोण के साथ चुनावी मैदान में उतरने जा रहा है। यह बात झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला प्रवक्ता आकाश टुडू ने प्रेस को जारी बयान में कही।
जिला प्रवक्ता आकाश टुडू ने कहा कि झामुमो केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि जनता के संघर्ष, अधिकार और विकास की आवाज़ है। चास नगर निगम क्षेत्र में वर्षों से लंबित जनसमस्याओं—जैसे पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, नाली एवं जलनिकासी की समस्या, स्वच्छता व्यवस्था की कमी, स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों—पर झामुमो लगातार संघर्ष करता रहा है और अब इन समस्याओं के स्थायी समाधान के संकल्प के साथ जनता के बीच जा रहा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के पास चास नगर निगम के समग्र विकास के लिए स्पष्ट विज़न और ठोस कार्ययोजना है। नगर के हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की समान उपलब्धता, गरीब-मजदूर-आदिवासी-पिछड़े और मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने की नीति झामुमो की प्राथमिकता में शामिल है।
आकाश टुडू ने आगे कहा कि पार्टी संगठन बूथ स्तर तक पूरी तरह सशक्त है। कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और जनता का भरोसा लगातार झामुमो के साथ मजबूत हो रहा है। “आज आम लोग यह महसूस कर रहे हैं कि झामुमो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जमीन से जुड़कर उनकी समस्याओं को समझती है और समाधान देने की क्षमता रखती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि जनहित, जनसम्मान और नगर के भविष्य का चुनाव है। झारखंड मुक्ति मोर्चा चास नगर निगम को एक स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और जनहितैषी नगर बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ रही है। अंत में जिला प्रवक्ता आकाश टुडू ने कहा कि झामुमो नेतृत्व के मार्गदर्शन और जनता के सहयोग से इस बार चास नगर निगम चुनाव में पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और नगर के सर्वांगीण विकास की नई शुरुआत करेगी।










