Bokaro Thermal : बोकारो थर्मल स्थित बोकारो क्लब दुर्गा मंडप में रविवार को डीवीसी एएमसी/एआरसी मजदूर संगठन की प्रथम वर्षगांठ समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में संगठन द्वारा मजदूरों के हित में बीते एक वर्ष में किए गए कार्यों एवं प्राप्त उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
समारोह की अध्यक्षता हबीब अंसारी ने की, जबकि संचालन रंजीत कुमार ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए सभी से एकजुट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा मजदूरों की मांगों को सामूहिक रूप से पूरा कराना बताया गया।
वक्ताओं ने संगठन की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि मुख्यालय से स्वीकृत भत्तों को पूर्ण रूप से लागू कर नए टेंडर में शामिल कराया गया, मजदूरों के पुलिस सत्यापन एवं मेडिकल जांच का खर्च ठेकेदार द्वारा वहन कराया गया, ईएसपी इलेक्ट्रिकल के दो कर्मचारियों के बदले गए पद को पुनः बहाल कराया गया, निरंतर प्रयासों से समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया गया, राष्ट्रीय अवकाश का भुगतान दिलाया गया तथा नाइट शिफ्ट अलाउंस लागू कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान मजदूरों की नई मांगें भी रखी गईं, जिनमें पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया बंद करना, सफाई कर्मियों को एएमसी व एआरसी जैसी सुविधाएं देना, प्लांट के सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान, सभी एएमसी एवं एआरसी कर्मियों को उचित सुविधाएं प्रदान करना, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना तथा सभी ऑप्शनल मजदूरों को मास्टर नियम के अंतर्गत शामिल करना प्रमुख रहा।
कार्यक्रम को रंजीत कुमार, हबीब अंसारी, विकास तिवारी, लोमेश महतो, जिलानी, टी. राजीव, टी. सन्नी, मनोज रजक, बदल, मनीर आलम, अमित सील, दशरथ रजक, संतोष सिंह, सागर कुमार तुरी, गणेश कुमार, मानस भंडारी एवं सुमित्रा देवी विश्वकर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।










