Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025 : हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली जेएमएम का बड़ा एलान, अब पार्टी नहीं लड़ेगी बिहार विधानसभा चुनाव

Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी अब बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। इसकी जानकारी सोमवार को हेमंत सरकार में नगर विकास मंत्री एवं बिहार चुनाव प्रभारी सुदिव्य कुमार सोनू ने प्रेस वार्ता कर दी।

उन्होंने कहा कि बहुत अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि इस बार जेएमएम बिहार विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं ले रही है। इसके पीछे का कारण गठबंधन के प्रमुख दलों की राजनीतिक धूर्तता है। राजद और कांग्रेस ने जिस तरह झामुमो को नजरअंदाज किया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि गठबंधन धर्म निभाने की परंपरा हमेशा झामुमो ने निभाई है, लेकिन इस बार बिहार में झामुमो को उचित भागीदारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि राजद के नेतृत्व ने राजनीतिक चालबाजी कर झामुमो की आकांक्षाओं पर पानी फेर दिया। कांग्रेस ने भी गठबंधन धर्म का निर्वाह नहीं किया। परिणामस्वरूप, झामुमो को चुनाव से वंचित होना पड़ा।

जेएमएम नेता ने कहा कि 2020 और 2024 में झारखंड में झामुमो ने गठबंधन धर्म का पालन करते हुए राजद को सम्मान दिया था। राजद के एक विधायक को झामुमो सरकार में मंत्री बनाया गया, फिर भी आज वही दल हमारे साथ राजनीतिक छल कर रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि यह केवल झामुमो के साथ नहीं, बल्कि झारखंड की जनता और आदिवासी अस्मिता के साथ धोखा है। पार्टी इस राजनीतिक साजिश की निंदा करती है। झारखंड के आदिवासी इसे कभी नहीं भूलेगा।

Other Latest News

Leave a Comment