Mayor Mamdani Writes Letter to Umar Khalid: न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर जोहरान ममदानी (Zohran Mamdani) ने जेल में बंद जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद (Umar Khalid) को चिट्ठी लिखकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा छेड़ दी है। यह पत्र ऐसे समय सामने आया है, जब 1 जनवरी 2026 को ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर पद की शपथ ली। चिट्ठी में उन्होंने उमर खालिद के विचारों को याद करते हुए लिखा कि वे और उनके साथी उमर के बारे में सोच रहे हैं। इससे पहले भी ममदानी कई मंचों पर उमर खालिद के समर्थन में आवाज उठा चुके हैं। इस पत्र को लेकर राजनीतिक और वैचारिक बहस तेज हो गई है….
ममदानी ने चिट्ठी में क्या लिखा/Mayor Mamdani Writes Letter to Umar Khalid
जोहरान ममदानी ने अपने पत्र में लिखा, “प्रिय उमर, मैं अक्सर तुम्हारे उन शब्दों को याद करता हूं, जिनमें तुमने कड़वाहट को खुद पर हावी न होने देने की बात कही थी। तुम्हारे माता-पिता से मिलकर खुशी हुई। हम सब तुम्हारे बारे में सोच रहे हैं।” यह संदेश उमर खालिद के पिता कासिम रसूल इलियास की हालिया अमेरिका यात्रा के बाद सामने आया है, जहां उनकी कई सामाजिक और राजनीतिक लोगों से मुलाकात हुई थी।

पहले भी कर चुके हैं समर्थन
यह पहला मौका नहीं है जब ममदानी ने उमर खालिद का समर्थन किया हो। वर्ष 2023 में न्यूयॉर्क में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उमर खालिद की जेल से लिखी चिट्ठी को सार्वजनिक रूप से पढ़ा था। उस समय ममदानी ने उमर को नफरत, हिंसा और लिंचिंग के खिलाफ आवाज उठाने वाला बताया था।
क्यों जेल में है उमर खालिद
उमर खालिद दिल्ली दंगों के मामले में सितंबर 2020 से तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन पर आपराधिक साजिश, दंगा, गैर-कानूनी सभा और यूएपीए (UAPA) के तहत गंभीर आरोप लगे हैं। हाल ही में उन्हें अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए 16 से 29 दिसंबर तक 14 दिनों की अंतरिम जमानत मिली थी।
ममदानी की चिट्टी के सियासी मायने
ममदानी की चिट्ठी को जहां समर्थक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मानवाधिकारों से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं आलोचक इसे भारत के आंतरिक मामलों में दखल के रूप में देख रहे हैं। साफ है कि यह पत्र आने वाले समय में भारत और अंतरराष्ट्रीय राजनीति में बहस का विषय बना रहेगा।










