रामगढ़ जिले के बसंतपुर और पचण्डा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। चारों ओर भक्ति और उत्साह का माहौल छाया रहा। कई स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया, जो असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। मांडू प्रखंड के अंतर्गत बसंतपुर-पचण्डा में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन को हजारों श्रद्धालु उमड़े। इस शुभ अवसर पर पूजा समिति ने नन्हे बच्चों के लिए विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें बाल कलाकारों ने मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर सबका दिल जीत लिया।
बच्चों की झांकियों ने बांध लिया समां

झांकियों में बच्चों ने रामायण की विभिन्न कथाओं को जीवंत रूप दिया, जिससे दर्शकों में भक्ति की लहर दौड़ गई। ग्राम पंचायत की मुखिया सरिता देवी और पूर्व मुखिया अरजलाल महतो भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। मुखिया सरिता देवी ने कहा, “ग्रामीण क्षेत्र के छोटे बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। जरूरत है उन्हें निखारने की। सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से वे अपनी पूरी क्षमता तक पहुंच सकते हैं।”
प्रतियोगिता में सविता, सुमन, प्रियंका, मुस्कान, सानिया, सुनैना, जिया, वर्षा सहित कई नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम को देखने के लिए विभिन्न गांवों से हजारों महिलाएं, बच्चे और बुद्धिजीवी लोग पहुंचे, जो इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है।
पूजा को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों का अहम योगदान
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों का अहम योगदान रहा। संरक्षक सरिता देवी (मुखिया, बसंतपुर), परियोजना पदाधिकारी पी.के. सिंह, पीओ के.बी.पी. परियोजना ए.सी. गुप्ता, अध्यक्ष मनोज कुमार, सचिव चतुर्वेदी महतो, कोषाध्यक्ष कुंज लाल महतो, उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, सहसचिव चंद्र भूषण, दिनेश, योगेंद्र महतो, रोहन महतो, प्रदीप करमाली, चंद्र, रोहित, रामप्रवेश महतो, विशाल, उमेश आदि ने अथक प्रयास किया। श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, बसंतपुर-पचण्डा-केदलावाशरी की पूरी टीम का इस भव्य आयोजन के लिए सराहनीय योगदान रहा।