Raebareli : गीता जयंती पर बजरंग दल की भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई, हिन्दुत्व एकता और जागृति का संदेश

रायबरेली : मोक्षदा एकादशी तथा गीता जयंती के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की युवा शाखा बजरंग दल द्वारा रायबरेली (Raebareli) जिले में भव्य शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा सलोन डीह से प्रारंभ होकर नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरी तथा मुख्य बाजार में समाप्त हुई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता पूरे उत्साह और जोश के साथ शामिल हुए।

यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम, भारत माता की जय तथा हिन्दू एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। डीजे की धुन पर युवा नाचते-गाते चल रहे थे तथा हाथों में भगवा ध्वज व तलवारें लहराते हुए शौर्य का प्रदर्शन कर रहे थे।

प्रान्त सह मंत्री विवेक सिंह ने बताया कि गीता जयंती के पावन पर्व पर बजरंग दल द्वारा प्रतिवर्ष शौर्य यात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष पूरे अवध प्रांत के सभी जिलों में एक साथ यह शौर्य यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा हिन्दू समाज में एकता, शौर्य और आत्मविश्वास का संदेश देती है तथा युवाओं को अपने धर्म व संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा प्रदान करती है।

जिला संयोजक विनोद मौर्य ने कहा कि शौर्य यात्रा का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज में जागृति लाना है। धर्म विरोधी एवं संस्कृति विरोधी ताकतों से मुकाबला करने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता हर समय तैयार हैं। यह यात्रा हिन्दू युवाओं को संदेश देती है कि हमें अपनी आस्था, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करने होंगे।

कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष राकेश तिवारी ने यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा नगरवासियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि बजरंग दल का प्रत्येक कार्यकर्ता हिन्दू समाज की सेवा व सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला मंत्री धनंजय पाण्डेय, जिला संगठन मंत्री हर्ष, जिला उपाध्यक्ष संजय तिवारी, विभाग सह संयोजक पंकज मिश्रा, जिला सह मंत्री सनोरंजन, जिला धर्म प्रसार प्रमुख सुरेश सिंह, डीह संयोजक रवि सिंह, नगर कार्य अध्यक्ष अतुलित वाजपेयी, सतांव अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, उपाध्यक्ष दीप सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यात्रा का समापन भव्य आरती व प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह देखते ही बनता था।

Other Latest News

Leave a Comment