Raebareli : इंटर कॉलेज के छात्र की आत्महत्या मामले में FIR दर्ज, ABVP के धरने के बाद पुलिस ने तेज की जांच

Raebareli : शहर कोतवाली क्षेत्र के तिलक नगर में इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर छात्र संगठन एबीवीपी ने एक दिन पहले धरना भी दिया था, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

जानकारी के अनुसार तिलक नगर निवासी विमल तिवारी का 16 वर्षीय बेटा राम तिवारी शहर के एक नामी निजी इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसके माता-पिता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान घर पर मौजूद छात्र ने आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी ताकि आत्महत्या के कारणों का पता चल सके।

इसी बीच इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छात्र के मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।

Other Latest News

Leave a Comment