Raebareli News: दलित युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में 5 गिरफ्तार, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

रायबरेली ( Raebareli ) जिले के ऊंचाहार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। यहां फतेहपुर जिले के निवासी 38 वर्षीय दलित युवक हरिओम वाल्मीकि को चोर समझकर ग्रामीणों की भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना 2 अक्टूबर की रात को ईश्वरदासपुर गांव के पास हुई, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब 3 अक्टूबर को पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में हरिओम की तड़पते हुए की करुणावती चीखें और अंतिम सांसों में राहुल गांधी का नाम लेना देखकर हर किसी की रूह कांप उठी। पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है,जबकि लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच चल रही है।

वही मृतक अपनी पत्नी पिंकी से मिलने के लिए पैदल ही रायबरेली के ऊंचाहार कस्बे की नई बस्ती स्थित ससुराल जा रहा था। पिंकी एनटीपीसी परिसर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में संविदा पर सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, दंपति के बीच कुछ समय से वैवाहिक कलह चल रही थी, जिसके चलते पिंकी मायके में रह रही थीं। रात के अंधेरे में ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध समझ लिया।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि भीड़ ने उसे अर्धनग्न कर घंटों तक लाठी-डंडों, बेल्ट और पैरों से पीटा। एक व्यक्ति ने उसके गले पर पैर रखकर दबाया, तो दो अन्य लगातार जांघों पर डंडे बरसा रहे थे। पानी पिलाकर फिर पीटना, चेहरे और सिर से खून बहता देखकर भी न रुकना यह क्रूरता की सारी हदें पार कर गई। हरिओम तड़पते हुए चीखा, राहुल गांधी..राहुल गांधी लेकिन हमलावरों ने तंज कसते हुए कहा, यहां सब बाबा वाले हैं अंततः इतनी बर्बर पिटाई से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्यारों ने शव को रेलवे की पटरी के पास फेंक दिया, जो बाद में रेलवे ट्रैक के निकट मिला।

जांच के आधार पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की लेकिन अब तक 5 मुख्य आरोपी वैभव सिंह, विपिन मौर्या, विजय कुमार, सहदेव पासी और सुरेश मौर्या को 3-4 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। शेष फरारों की तलाश में टीमें लगी हैं।

लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी संजय कुमार को हटा दिया गया और अपराध शाखा में भेज दिया गया। इसके अलावा, हल्का इंचार्ज कमल सिंह, उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह और सिपाही अभिषेक को निलंबित कर दिया गया। पीआरबी (पुलिस रिजर्व बैच) का एक सिपाही भी निलंबितों में शामिल है। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा, “घटना को रोकने में पुलिस की लापरवाही साबित हुई है। जांच पूरी होने पर और कार्रवाई होगी।

रायबरेली ( Raebareli ) से सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने घटना पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने 5 अक्टूबर को हरिओम के पिता गंगादीन से फोन पर बात की और कहा, मैं परिवार के साथ खड़ा हूं। आपको न्याय मिलेगा।”

Other Latest News

Leave a Comment