रायबरेली : जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रट सभागार में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, समयबद्धता एवं वित्तीय प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई।
इन कार्यो में गंगा घाट, राम जानकी मंदिर, निराश्रित गोआश्रय, आश्रम पद्धति विद्यालय, जल निगम के कार्य, सेतु निर्माण, स्टेडियम निर्माण, सड़क निर्माण, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, कंपोजिट विद्यालय निर्माण, मण्डी परिषद, नहर, पेय जल, खेल कूद आदि के निर्माण कार्य प्रमुख रूप से शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी अथवा अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। स्टेडियम रायबरेली में निर्माण कार्य धीमी गति से होने पर उन्होंने सहायक अभियंता को कड़ी फटकार लगाई और तय समय पर कार्य पूर्ण करा कर अवगत कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को गति प्रदान करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है और प्रत्येक प्रगति की निगरानी नियमित रूप से की जाएगी।
बैठक में सीडीओ अर्पित उपाध्याय, सीएमओ नवीन चंद्रा, डीडीओ अरुण कुमार व लोक निर्माण, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल निगम, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










