Raebareli News : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक शादी समारोह के दौरान मामूली सी बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गरम तंदूरी रोटी न मिलने की शिकायत करने पर लड़की वालों ने दूल्हे और उसके भाई को बुरी तरह पीट दिया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अहसन चौराहा का है।
पुलिस के अनुसार, अहसन चौराहा निवासी अयोध्या प्रसाद की बेटी की बारात महाराजगंज क्षेत्र से आई थी। बारात देर रात पहुंची, जिसके कारण तंदूरी रोटी बनाने वाला कारीगर रोटियां बनाकर चला गया था। जब बाराती गरम तंदूरी रोटी मांगी तो लड़की वालों ने ठंडी रोटियां परोस दीं। इस बात से नाराज बारातियों ने शिकायत की तो मौके पर ही दोनों पक्षों में तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई, जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई।

सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। मामला शांत हो गया था और शादी का कार्यक्रम आगे बढ़ गया। लेकिन रात में एक बार फिर विवाद भड़क उठा। आरोप है कि लड़की पक्ष के मामा ने स्थानीय कुछ दबंग लोगों को बुला लिया। इन दबंगों ने दूल्हे और उसके भाई राम सागर को अलग ले जाकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। दोनों युवकों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए।
घायल दूल्हा और उसका भाई राम सागर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दूल्हे के भाई राम सागर की बयान :
“बारात देर से आई थी, कारीगर चला गया था। हमने गरम रोटी मांगी तो ठंडी रोटी दे दी। जब हमने कहा तो लड़की वालों ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। पुलिस आई, समझौता हो गया। लेकिन रात में लड़की पक्ष के मामा ने बाहर के गुंडों को बुलाया और हमें अलग ले जाकर इतना मारा कि हम बेहोश हो गए। हमारी कोई गलती नहीं थी, सिर्फ गरम रोटी मांगी थी।”
लड़के पक्ष की तहरीर पर शिवगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल शादी का माहौल खराब होने से दोनों परिवारों में तनाव बना हुआ है।










