रायबरेली जनपद के ऊंचाहार तहसील क्षेत्र स्थित सवैया राजे गांव में बीती रात अचानक हुए हादसे ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया। करीब रात 1 बजे एक भारी-भरकम पीपल का पेड़ अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। तेज धमाके की आवाज ने पूरे इलाके को हिला दिया और लोग नींद से जागकर घरों से बाहर निकल आए।
कार पर टूटा कहर
हादसे के वक्त प्रयागराज निवासी संतोष कुशवाहा अपने रिश्तेदार विजय मौर्य उर्फ बाराती के घर ठहरे हुए थे। उन्होंने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। पेड़ का बड़ा हिस्सा सीधे कार पर गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह दब गया और भारी नुकसान हुआ। कार की हालत देखकर लोगों के होश उड़ गए।

घर को भी पहुंचा नुकसान
सिर्फ कार ही नहीं, बल्कि पेड़ गिरने से घर का एक हिस्सा भी प्रभावित हुआ। बाथरूम की दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं मकान की अन्य दीवारों में भी दरारें आ गईं। हादसे की भयावहता को देखकर साफ था कि यदि पेड़ कुछ और दिशा में गिरता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
बाल-बाल बचा परिवार
इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि घर के सभी लोग अंदर सो रहे थे। यदि कोई दरवाजे के पास या बाहर सो रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि कुछ पल के लिए लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है।
मौके पर पहुंचा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल पुष्पेंद्र सोनकर मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की गई।
इस संबंध में एसडीएम विवेक राजपूत ने बताया कि जानकारी होने पर मौके पर लेखपाल को भेजा गया है जो भी मदद होगी हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।










