रायबरेली में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शहर के पेट्रोल टंकी पर कम डीजल पेट्रोल देने की सूचना पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जांच की।
बताते चलें कि शनिवार को कोतवाली नगर क्षेत्र के गोरा बाजार के समीप स्थित पाक (PAC) फ्यूल पंप पर जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर सप्लाई इंस्पेक्टर प्रशांत सिंह अपनी टीम के साथ फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे और मौके पर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि पेट्रोल पंप पर दोपहिया वाहनों में केवल ₹200 और चारपहिया वाहनों में ₹500 तक ही ईंधन दिया जा रहा है, जिससे लोगो में असंतोष और भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
सप्लाई इंस्पेक्टर प्रशांत सिंह ने मौके पर पहुंचकर पेट्रोल पंप पर उपलब्ध ईंधन के पूरे स्टॉक की गहन जांच की और वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पंप मैनेजर और मालिक को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या मनमानी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित सीमा के अनुसार दोपहिया वाहनों में अधिकतम ₹400 और चारपहिया वाहनों में ₹1500 तक पेट्रोल या डीजल दिया जा सकता है। इससे अधिक या कम देना नियमों के विरुद्ध है।
इसके साथ ही प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं।अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू रूप से जारी है।
सप्लाई इंस्पेक्टर प्रशांत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक जानबूझकर ईंधन देने से मना करता है या नियमों के विपरीत कार्य करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










