SBI Credit Card Users Alert: अगर आप एसबीआई क्रेडिट कार्ड (SBI Credit Card) का इस्तेमाल करते हैं, तो अब आपको अपने हर ट्रांजेक्शन पर थोड़ा ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। देश की सबसे बड़ी क्रेडिट कार्ड कंपनी (Credit Card Company) ने अपने चार्जेज और फीस स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव किया है, जो 1 नवंबर 2025 से लागू होने जा रहा है। एजुकेशन पेमेंट और वॉलेट लोड जैसे कुछ ट्रांजेक्शंस पर अब अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा। ऐसे में कार्ड यूज़र्स के लिए इन नए नियमों को समझना बेहद जरूरी है, वरना अनजाने में उनकी जेब पर बोझ बढ़ सकता है। आइए जानते हैं, क्या हैं ये नए बदलाव और किन ट्रांजेक्शंस पर आपको देना होगा ज्यादा चार्ज।
एजुकेशन पेमेंट्स पर 1% फीस लगेगी/SBI Credit Card Users Alert:
1 नवंबर से अगर आप किसी थर्ड पार्टी ऐप या एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के जरिए स्कूल, कॉलेज या किसी शैक्षणिक संस्था की फीस भरते हैं, तो अब ट्रांजेक्शन राशि का 1 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देना होगा। उदाहरण के तौर पर, अगर आप किसी ऐप से ₹50,000 की फीस जमा करते हैं, तो ₹500 का चार्ज लगेगा। हालांकि राहत यह है कि स्कूल या कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट या उनके कैंपस में लगे पीओएस मशीन से सीधे भुगतान करने पर कोई फीस नहीं देनी होगी। यानी अब थर्ड पार्टी की बजाय डायरेक्ट पेमेंट करना अधिक फायदेमंद रहेगा। एसबीआई कार्ड की वेबसाइट के मुताबिक, यह नया चार्ज केवल थर्ड पार्टी ट्रांजेक्शंस पर ही लागू होगा।

डिजिटल वॉलेट में बैलेंस जोड़ना होगा महंगा
डिजिटल वॉलेट (Digital Wallet) में अब बैलेंस जोड़ने पर भी चार्ज देना होगा। 1 नवंबर 2025 से, यदि आप Paytm, PhonePe या Amazon Pay जैसे वॉलेट में ₹1000 से अधिक का अमाउंट लोड करते हैं, तो लोडेड राशि का 1 प्रतिशत शुल्क देना पड़ेगा। उदाहरण के लिए, ₹2000 लोड करने पर ₹20 का चार्ज लगेगा। यह सुनने में मामूली लग सकता है, लेकिन अगर आप बार-बार वॉलेट लोड करते हैं, तो यह खर्चा धीरे-धीरे बढ़ सकता है। एसबीआई कार्ड का कहना है कि यह बदलाव पेमेंट चैनल्स को अधिक पारदर्शी बनाने और अनावश्यक ट्रांजेक्शंस को कम करने के उद्देश्य से किया गया है।
अन्य चार्जेज में भी बढ़ोतरी का असर
एसबीआई कार्ड (SBI Card) ने अन्य ट्रांजेक्शंस पर लगने वाले चार्जेज में भी बदलाव किए हैं। अब कैश पेमेंट पर ₹250 शुल्क देना होगा, जबकि पेमेंट डिसऑनर होने पर कुल राशि का 2 प्रतिशत (न्यूनतम ₹500) चार्ज लगेगा। चेक पेमेंट पर ₹200 और कैश एडवांस के लिए 2.5 प्रतिशत (न्यूनतम ₹500) शुल्क तय किया गया है। कार्ड रिप्लेसमेंट फीस ₹100 से बढ़कर ₹250 कर दी गई है, जबकि प्रीमियम कार्ड्स के लिए यह ₹1500 तक जा सकती है। विदेश में कार्ड रिप्लेसमेंट कराने पर वास्तविक लागत देनी होगी










