सीतामढ़ी जिले के पुपरी अनुमंडल अंतर्गत भिट्ठा थाना के थानाध्यक्ष एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें थानाध्यक्ष कथित तौर पर थाने पहुंची महिलाओं के साथ अत्यंत अमर्यादित व्यवहार करते दिख रहे हैं। वीडियो में अधिकारी महिलाओं को मां-बहन की भद्दी गालियां देते और उन्हें जेल भेजने की धमकी देते नजर आ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाएं अपनी किसी शिकायत को लेकर भिट्ठा थाना पहुंची थीं। न्याय की गुहार लगाने आई इन महिलाओं के साथ सहानुभूति बरतने के बजाय थानाध्यक्ष आपा खो बैठे। वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि वर्दी की धौंस दिखाते हुए वे महिलाओं के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।

इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जहां सरकार ‘महिला सशक्तिकरण’ और ‘पुलिस पब्लिक फ्रेंडली’ होने का दावा करती है, वहीं इस तरह के व्यवहार से खाकी की छवि धूमिल हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर रक्षक ही भक्षक बन जाए और थानों में महिलाओं को गालियां मिलें, तो वे अपनी फरियाद लेकर कहां जाएंगी?
एसपी अमित रंजन से कार्रवाई की मांग
पीड़ित पक्ष और स्थानीय नागरिकों ने सीतामढ़ी पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रंजन से मामले का संज्ञान लेने की अपील की है। मांग की गई है कि: वायरल वीडियो की सत्यता की जांच हो। महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले थानाध्यक्ष को तत्काल निलंबित किया जाए। थानों में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अभद्र व्यवहार करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों पर भी नकेल कसी जाए।










