Smriti Mandhana–Palash Muchhal Breakup : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी और उपकप्तान स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल (Palash Muchhal) की शादी को लेकर चल रही अफवाहों पर आखिरकार अब दोनों की ओर से स्थिति साफ हो गई है। स्मृति मंधाना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए यह कन्फर्म कर दिया है कि उनकी और पलाश की शादी अब नहीं होगी। इसके बाद अब इस पूरे विवाद पर पलाश का भी पहला आधिकारिक रिएक्शन सामने आ गया है। अपने इमोशनल पोस्ट में पलाश ने अफवाहों पर दर्द जताया है और कहा है कि यह दौर उनके लिए बेहद मुश्किल रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी टीम गलत खबरें फैलाने वालों के खिलाफ लीगल एक्शन लेने जा रही है। आइए जानते हैं इस पूरे मामले की पूरी कहानी।
स्मृति मंधाना ने क्या कहा?

स्मृति मंधाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि पिछले कुछ हफ्तों से उनके निजी जीवन को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं और अब उन्हें इस पर जवाब देना जरूरी लगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा, “मैं एक प्राइवेट इंसान हूं, लेकिन यह साफ करना जरूरी है कि शादी कैंसिल हो चुकी है। मैं इस मैटर को यहीं खत्म करना चाहती हूं और उम्मीद करती हूं कि आप सभी हमारी निजता का सम्मान करेंगे।” इस पोस्ट के साथ ही यह तय हो गया कि दोनों का रिश्ता अब आधिकारिक तौर पर खत्म हो चुका है।
‘यह मेरे लिए बहुत मुश्किल फेज है’
स्मृति के बयान के बाद पलाश मुच्छल ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा और भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, “मैंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और अपने पर्सनल रिलेशनशिप से पीछे हटने का फैसला किया है। यह देखना मेरे लिए बहुत मुश्किल रहा कि लोग बेवजह की अफवाहों पर इतनी आसानी से रिएक्ट कर देते हैं।” पलाश ने आगे कहा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल फेज है और वह इसे सम्मान के साथ और खुद पर भरोसा रखते हुए संभालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को जज करने से पहले समाज को यह सोचना चाहिए कि शब्द किसी को गहरे जख्म दे सकते हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर होगा लीगल एक्शन
पलाश मुच्छल ने अपने पोस्ट में साफ तौर पर यह भी ऐलान कर दिया कि उनकी टीम इस पूरे मामले में गलत अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (Legal Action) करने जा रही है। उन्होंने लिखा कि जब लोग बिना सच्चाई जाने इस तरह की बातें फैलाते हैं, तो कोई इंसान भीतर ही भीतर बहुत कुछ झेल रहा होता है। उन्होंने उन सभी लोगों का धन्यवाद भी किया, जो इस मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े रहे और उन्हें सपोर्ट किया।
सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप, फैंस भावुक
स्मृति और पलाश के पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कुछ फैंस स्मृति के फैसले का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ पलाश के दर्द को समझते हुए उनके लिए सहानुभूति जता रहे हैं। यह पूरा मामला एक बार फिर दिखाता है कि सेलिब्रिटीज की निजी जिंदगी कैसे देखते ही देखते सार्वजनिक बहस बन जाती है। साफ है कि स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला कर चुके हैं। जहां स्मृति अपने क्रिकेट करियर पर फोकस कर रही हैं, वहीं पलाश इस मुश्किल दौर से बाहर निकलने की कोशिश में जुटे हैं। अब आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि लीगल एक्शन का यह मामला किस दिशा में जाता है।










