T20 World Cup 2026 : भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुजरात में खेले जा रहे टी-20 फाइनल मुकाबले को लेकर पूरे देश के साथ-साथ रायबरेली में भी क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। टीम इंडिया के जीत के करीब पहुंचते ही शहर के प्रसिद्ध घंटाघर चौराहे पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और जश्न का माहौल बन गया।
रविवार 8 मार्च 2026 की रात करीब 10:00 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के घंटाघर चौराहे पर बड़ी संख्या में युवा और क्रिकेट प्रेमी हाथों में विशाल तिरंगा लेकर पहुंच गए। लोगों ने टीम इंडिया के समर्थन में नारे लगाए और जीत की उम्मीद में जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी।

मैच के रोमांचक मोड़ पर पहुंचते ही दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया। कई लोग ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाने के लिए पहले से ही तैयार दिखाई दिए। भारत की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी को लेकर लोगों में काफी उत्साह नजर आया।
घंटाघर चौराहे पर मौजूद युवाओं का कहना था कि टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और फाइनल में भी शानदार खेल दिखाकर जीत की ओर तेजी से बढ़ रही है। लोगों को पूरा भरोसा है कि भारत इस मुकाबले में जीत दर्ज कर देश का नाम रोशन करेगा।
इस दौरान कोतवाली नगर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और भीड़ को नियंत्रित करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क नजर आई।
रायबरेली में क्रिकेट प्रेमियों का यह जोश साफ दिखा रहा था कि देश की टीम जब मैदान में उतरती है तो हर भारतीय दिल से उसका समर्थन करता है और जीत की खुशी को जश्न में बदलने के लिए तैयार रहता है।










