Typhoon Kalmaegi Devastates Philippines: फिलीपींस में तूफान ‘कालमेगी’ का कहर, 241 की मौत, राष्ट्रपति ने घोषित की इमरजेंसी, वियतनाम में अलर्ट

Typhoon Kalmaegi Devastates Philippines: मौत का आंकड़ा 241, पूरे देश में तबाही का मंजर!

Typhoon Kalmaegi Devastates Philippines: फिलीपींस इस वक्त भयंकर प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। तूफान कालमेगी (Typhoon Kalmaegi) ने देश में भारी तबाही मचाई है, जिसमें कम से कम 241 लोगों की मौत हो गई है। 130 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं और मूसलाधार बारिश ने सैकड़ों घरों को तबाह कर दिया। राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने पूरे देश में आपातकाल (Emergency) घोषित कर दी है। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी हैं, लेकिन कई इलाकों में अब भी मलबा हटाने का काम चुनौती बना हुआ है। उधर, वियतनाम (Vietnam) में भी इस तूफान के असर से भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। तो चलिए जानते हैं, फिलीपींस में आई इस तबाही की पूरी कहानी विस्तार से…

फिलीपींस में तबाही का तांडवयTyphoon Kalmaegi Devastates Philippines

तूफान कालमेगी (Cyclone Kalmaegi) ने फिलीपींस (Philippines) के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में जबरदस्त तबाही मचाई। तेज़ हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते हजारों घर ढह गए और सैकड़ों लोग मलबे में दब गए। आपदा एजेंसी के मुताबिक, तूफान की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। सेबू, सामर और लेयते जैसे प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। प्रशासन ने बताया कि लगभग 3.5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, लेकिन कई इलाकों में अब भी राहत पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। बिजली और इंटरनेट सेवाएं ठप हैं। सरकारी एजेंसियां हेलिकॉप्टर और नावों की मदद से राहत सामग्री पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह इस साल फिलीपींस की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा साबित हो सकती है।

राष्ट्रपति ने घोषित की राष्ट्रीय आपात स्थिति

तूफान के लगातार बढ़ते असर को देखते हुए फिलीपींस (Philippines) के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर (Ferdinand Marcos Jr.) ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की। उन्होंने सेना, पुलिस और आपदा प्रबंधन बलों को तुरंत राहत एवं बचाव कार्यों में जुटने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति ने कहा, “यह हमारे देश की सबसे कठिन घड़ी है, लेकिन हम मिलकर इसका सामना करेंगे।” सरकार ने हजारों लोगों के लिए अस्थायी राहत शिविर बनाए हैं, जहां भोजन, पानी और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, बचाव टीमों ने अब तक 200 से अधिक शव मलबे से निकाले हैं। कई गांव पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जिससे राहत कार्यों में भारी दिक्कतें आ रही हैं।

मलबे में फंसे लोग और राहत की चुनौती

आपदा प्रबंधन एजेंसियों के लिए इस वक्त सबसे बड़ी चुनौती मलबा हटाने की है। स्थानीय सुरक्षा अधिकारी रैफी एलेजांद्रो ने बताया कि मलबे के नीचे अब भी कई लोग फंसे हो सकते हैं। बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि जीवित लोगों को जल्द निकाला जा सके। कई इलाकों में सड़कें पूरी तरह टूट चुकी हैं, जिससे राहत सामग्री पहुंचाने में मुश्किल हो रही है। भारी बारिश के कारण नदियाँ उफान पर हैं और नए भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश और स्वास्थ्य सेवाओं की बहाली है, क्योंकि कई अस्पतालों की बिजली और ऑक्सीजन सप्लाई बाधित हो गई है।

नया तूफान मंडराया, वियतनाम में अलर्ट जारी

जहाँ फिलीपींस (Philippines) कालमेगी (Cyclone Kalmaegi) की तबाही से उबरने की कोशिश कर रहा है, वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मिंडानाओ के पूर्व में एक नया तूफान बन रहा है, जो अगले हफ्ते फिर से देश को प्रभावित कर सकता है। उधर, वियतनाम में भी अधिकारियों ने कई प्रांतों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। विशेष रूप से जिया लाई और दा नांग प्रांतों में बाढ़ और तेज़ हवाओं की आशंका जताई गई है। वियतनाम ने हजारों सैनिकों को बचाव कार्यों के लिए तैयार रखा है और आठ हवाई अड्डों पर संचालन रोक दिया गया है। दक्षिण-पूर्व एशिया में लगातार आने वाले ये तूफान अब जलवायु परिवर्तन और समुद्री असंतुलन के नए खतरे की ओर इशारा कर रहे हैं।

हर खबर की अपडेट पाने के लिए बने रहिए न्यूज़ नेशन भारत के साथ, अगर आपको हमारी खबरें पसंद आती हैं तो इसके बारे में अधिक जानने के लिए आप हमारे FacebookInstagramYouTube के चैनल से भी जुड़ सकते हैं |

Other Latest News

Leave a Comment