Chandausi : स्थानीय निकाय सफाई कर्मचारी संघ ने होली पर्व से पूर्व कर्मचारियों के वेतन भुगतान की मांग तेज कर दी है। संघ के प्रदेश प्रवक्ता अजय कुमार राजवर ने कहा कि शासनादेश के अनुसार फरवरी माह का वेतन नियत तिथि से पहले, 28 फरवरी तक जारी किया जाना चाहिए।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष मानिक लाल नागर ने बताया कि इस बार होली पर्व के साथ 1 से 4 मार्च तक अवकाश रहेगा। ऐसे में पर्व से जुड़े खर्चों और पारिवारिक आवश्यकताओं को लेकर सफाई कर्मचारी वर्ग आर्थिक अस्थिरता महसूस कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इस संबंध में संज्ञान लेते हुए विशेष सचिव महेंद्र कुमार भट्ट की ओर से 25 फरवरी 2026 को शासनादेश (संख्या-1/1250789/2026-10-1099/298/2020) जारी किया गया है।
संघ की मांग है कि इस शासनादेश के आधार पर उत्तर प्रदेश के सभी अधिशासी अधिकारी और नगर आयुक्त फरवरी माह का वेतन 28 फरवरी तक कर्मचारियों के खातों में सुनिश्चित करें।
प्रदेशभर में सौंपे गए ज्ञापन
अजय राजवर ने बताया कि शासनादेश की छायाप्रति संलग्न कर प्रदेशभर की नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों और नगर निगमों में ज्ञापन सौंपा गया है, ताकि अधिकारी जानकारी के अभाव का बहाना न बना सकें।
सम्भल जिले में भी हुई कार्रवाई
सम्भल जिला महामंत्री विशाल वाल्मीकि के अनुसार जिले की विभिन्न निकायों में ज्ञापन देकर कॉपी रिसीव कराई गई है। इनमें प्रमुख रूप से:
- चंदौसी – जिला कोषाध्यक्ष अनिल राधे गुड्डू, नगर अध्यक्ष सुमन भारती
- सिरसी – नगर अध्यक्ष चौधरी रामकिशोर
- बेहजोई – नगर अध्यक्ष रितु चौहान
- सम्भल – नगर अध्यक्ष ममता रानी
- नरौली – नगर अध्यक्ष हरिओम
- गवां – नगर अध्यक्ष गुड्डू वाल्मीकि
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि यदि समय से वेतन भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो कर्मचारी वर्ग आगे की रणनीति पर विचार करेगा।
कर्मचारियों की अपील
संघ ने शासन-प्रशासन से आग्रह किया है कि पर्व के मद्देनजर कर्मचारियों की आर्थिक जरूरतों को समझते हुए वेतन का भुगतान समय से पूर्व कराया जाए, ताकि सफाई कर्मियों और उनके परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।










