Raebareli : राजकीय कॉलोनी स्थित ग्राउंड में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन, आपदा से बचाव को लेकर किया गया व्यापक अभ्यास

Raebareli : रायबरेली शहर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित राजकीय कॉलोनी के ग्राउंड में आज दिनांक 23 जनवरी 2026 दिन शुक्रवार को समय करीब 5:30 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।

ब्लैकआउट अभ्यास के दौरान स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग तथा मिलिट्री के जवानों की सक्रिय सहभागिता रही। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को स्वयं को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी देना तथा विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को परखना था।

ड्रिल के दौरान यह अभ्यास कराया गया कि ब्लैकआउट की स्थिति में किस प्रकार घरों व खुले स्थानों पर रहकर स्वयं को सुरक्षित रखा जाए, अनावश्यक रोशनी से कैसे बचा जाए और आपदा के समय प्रशासनिक निर्देशों का पालन कैसे किया जाए। लोगों को घबराने के बजाय संयम बरतने और सतर्क रहने के संदेश भी दिए गए।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार ने ब्लैकआउट मॉक ड्रिल को लेकर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह के अभ्यास आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में इस प्रकार के अभ्यास और अधिक प्रभावी ढंग से कराए जाएंगे, ताकि आमजन को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखा जा सके।

Other Latest News

Leave a Comment