Raebareli : अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण-2026 के कार्यक्रम के अन्तर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 06 फरवरी 2026 तक है।
आयोग के निर्देशानुसार 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को प्रातः 11:00 बजे से अपरान्ह 04:00 बजे तक सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है, जिसमें समस्त बूथों पर संबंधित बी०एल०ओ० द्वारा समय पर उपस्थित रहकर आलेख्य मतदाता सूची तथा गणना चरण के दौरान अनुपस्थित, मृतक, दोहरी प्रविष्टि, अन्ट्रेस्ड तथा स्थानान्तरित मतदाताओं की सूची पढ़कर सुनायी जायेगी। बूथों पर मतदाता पंजीकरण हेतु फार्म 6, 7 व 8 तथा घोषणा पत्र भी उपलब्ध रहेगा।

अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण करने वाले अर्ह व्यक्ति जिनके नाम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल नहीं है नाम सम्मिलित कराने हेतु प्रारूप-6 (घोषणा पत्र सहित), मतदाता सूची से नाम अपमार्जित (हटवाने) हेतु प्रारूप-7 एवं मतदाता सूची में किसी भी प्रविष्टि को शुद्ध कराने, स्थानान्तरण तथा दिव्यांग मतदातओं के चिन्हांकन हेतु प्रारूप-8 (घोषणा पत्र सहित) पर दावे और आपत्ति मतदेय स्थल पर उपस्थित बी०एल०ओ०/पदाभिहित अधिकारी को उपलब्ध करा सकते हैं।
उन्होंने बताया है कि समस्त पर्यवेक्षणीय अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा बी०एल०ओ० तथा बी०एल०ओ० सुपरवाईजरों के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे एवं अपने आवंटित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए बी०एल०ओ० व सुपरवईजरों की उपस्थिति सुनिश्चित करायेंगे।










