ऊंचाहार : तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप, महिला ने किया हंगामा

ब्यूरो रिपोर्ट : वंश बहादुर सिंह

ऊंचाहार तहसील में भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच एक महिला ने तहसील परिसर में जमकर हंगामा किया। रोहनिया गांव निवासी नेहा ने गुरुवार को तहसील प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। नेहा का कहना है कि ग्राम रोझईया गोकुलपुर में गाटा संख्या 58/1.4781 हेक्टेयर की भूमि में वह राजस्व अभिलेखों में विरासत सहखतेदार के रूप में दर्ज थी। बिना किसी पूर्व सूचना के तहसीलदार ने जल्दबाजी में आदेश पारित कर उसका नाम खतौनी से हटा दिया। मात्र 48 घंटे में यह कार्रवाई पूरी कर ली गई, जो नियमों के खिलाफ है।

नेहा लंबे समय से इस मामले में तहसील के चक्कर काट रही थी। गुरुवार को तहसीलदार के न्यायालय में पहुंची नेहा ने आरोप लगाया कि पेशकार ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे न्यायालय से भगा दिया। इस घटना से आहत नेहा ने तहसील परिसर में रोते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की खबर फैलते ही वादकारी और अधिवक्ताओं की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने हस्तक्षेप किया और नेहा को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद वह घर लौट गई।

यह घटना तहसील प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाती है। नेहा के आरोपों ने तहसीलदार के आदेश और प्रशासनिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी है। प्रशासन से अपेक्षा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।

Other Latest News

Leave a Comment