ब्यूरो रिपोर्ट : वंश बहादुर सिंह
लालगंज : रविवार सुबह लालगंज कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर हुई बारिश ने नगर पंचायत प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। मामूली बारिश के बाद ही मुख्य बाजार, सर्राफा मंडी रोड, गुरबक्शगंज चौराहे से डाकघर तक की सड़कों पर जलभराव हो गया। इस समस्या से त्रस्त दुकानदारों ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। सड़क पर जमा पानी में एक रबर बोट में बैठकर दुकानदारों ने प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। एक दुकानदार ने वाइपर से नाव चलाने का अभिनय किया, तो दूसरे ने छतरी थामकर बारिश से बचने का प्रयास किया। यह दृश्य नगर पंचायत की लचर व्यवस्था पर सवाल उठाता है।

व्यापारियों का कहना है कि हर बारिश में सड़कें तालाब बन जाती हैं, जिससे उनका कारोबार प्रभावित होता है। ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते। किराना व्यापारी बउवन गुप्ता ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के दावे केवल कागजी हैं। व्यवसायी गोपालजी गुप्ता ने कहा कि यदि बारिश से पहले नालियों की सफाई और मरम्मत की जाती, तो यह नौबत न आती। उन्होंने प्रशासन पर स्वच्छता रैंकिंग में झूठे दावे करने का भी आरोप लगाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त न किया गया, तो स्थिति और खराब हो सकती है। व्यापारी मोहम्मद अखिल, पंकज गुप्ता, शिवम, अंशु गुप्ता, कृष्ण गुप्ता आदि ने नगर पंचायत से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।










