Raebareli : पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए स्पष्ट दिशा-निर्देश

निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप हो पूर्ण : हर्षिता माथुर
14 अगस्त से 29 सितम्बर तक बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे गणना और सर्वेक्षण
5 दिसम्बर को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, 15 जनवरी 2026 को अंतिम प्रकाशन

रायबरेली : राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की अधिसूचना के क्रम में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारी को लेकर जिला मजिस्ट्रेट, जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हर्षिता माथुर ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध और शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई से 13 अगस्त 2025 तक ग्राम पंचायत के आंशिक भागों के अन्य ग्राम पंचायत अथवा नगरीय निकाय में समाहित होने की स्थिति में विलोपन और मतदाता सूची के प्रिंट करने की प्रक्रिया चलेगी। इसी अवधि में बीएलओ और पर्यवेक्षकों को कार्य क्षेत्र का आवंटन, प्रशिक्षण, आवश्यक जानकारी और स्टेशनरी का वितरण किया जाएगा। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना व सर्वेक्षण का कार्य 14 अगस्त से 29 सितम्बर 2025 तक किया जाएगा। वहीं, ऑनलाइन आवेदन 14 अगस्त से 22 सितम्बर 2025 तक लिए जाएंगे, और इन आवेदनों की भौतिक जांच 23 से 29 सितम्बर 2025 के बीच की जाएगी। निर्वाचक गणना पत्रक के आधार पर परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन की तैयार हस्तलिखित पांडुलिपियां 30 सितम्बर से 6 अक्टूबर तक सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा की जाएंगी। इसके बाद ड्राफ्ट नामावलियों की कम्प्यूटरीकृत पांडुलिपि 7 अक्टूबर से 24 नवम्बर के मध्य तैयार की जाएगी। 25 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक मतदाता सूची के कम्प्यूटरीकरण के उपरांत मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदाता क्रमांकन एवं वार्डों की मैपिंग आदि कार्य होंगे। 5 दिसम्बर 2025 को अनन्तिम मतदाता सूची का आलेख प्रकाशित किया जाएगा। अंतिम सूची के निरीक्षण तथा दावे व आपत्तियां प्राप्त करने की तिथि 6 से 12 दिसम्बर 2025 तय की गई है। इन दावों व आपत्तियों का निस्तारण 13 से 19 दिसम्बर 2025 तक किया जाएगा, जिसके उपरांत 20 से 23 दिसम्बर तक संशोधित हस्तलिखित पांडुलिपियों को तैयार कर जमा किया जाएगा। पूरक सूचियों के कम्प्यूटरीकरण व समावेशन का कार्य 24 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक चलेगा। तत्पश्चात, 9 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक पूरक सूचियों की पांडुलिपियों की तैयारी और उन्हें मूल सूची में यथा स्थान समाहित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को जनसामान्य के लिए किया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिए कि समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), समस्त उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं समन्वयक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। यह जानकारी सभी संबंधित कार्यालयों के सूचना पटों पर भी प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नामावली पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान सार्वजनिक अवकाश वाले दिन भी कार्यालय खुले रहेंगे तथा किसी भी परिस्थिति में निर्धारित समय-सारिणी में बदलाव नहीं किया जाएगा।

Other Latest News

Leave a Comment