Bokaro Thermal: दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के बोकारो ताप विद्युत केंद्र के सतर्कता विभाग की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत गोविंदपुर ‘एफ’ पंचायत सचिवालय में ग्रामसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत की मुखिया कविता कुमारी ने नागरिक सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाकर की। इस दौरान वक्ताओं ने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और सतर्कता को समृद्ध समाज की आधारशिला बताया।
परियोजना सतर्कता अधिकारी उज्ज्वल विश्वास ने मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, उपमुखिया एवं वार्ड सदस्यों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सत्यनिष्ठा और ईमानदारी अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) मनीष चौधरी ने पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाए रखने में सतर्कता की भूमिका पर प्रकाश डाला।

बोकारो थर्मल डिग्री कॉलेज के प्राचार्य जीपी सिंह ने कहा कि नागरिक ही राष्ट्र का प्रतिबिंब होते हैं। प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे, तो देश को विकसित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। पंचायत समिति सदस्य बेबी रजक ने कहा कि सतर्कता की शुरुआत घर से होती है। वहीं, मुखिया कविता कुमारी ने सभी से सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
उपमहाप्रबंधक (स्वास्थ्य सेवाएं) एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता रानी ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया। सहायक नियंत्रक (यांत्रिकी) एवं आयोजन समिति के सदस्य दीनानाथ शर्मा ने गृहिणियों, विद्यार्थियों, दुकानदारों और आम नागरिकों के जीवन में सतर्कता के महत्व को बताया। उन्होंने डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय भी उन्होंने किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के सदस्य एवं सहायक ग्रेड-I मो. शाहिद इकराम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में सतर्कता विभाग के एएमएम कैफी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










