Bokaro Thermal: केन्द्रीय विद्यालय में पुस्तक प्रदर्शनी, प्राचार्य डॉ. बीआर डे ने किया उद्घाटन

डिजिटल दौर में किताबें पढ़ने की आदत जरूरी, विद्यार्थियों को पुस्तकालय से जुड़ने की दी सलाह

Bokaro Thermal: केन्द्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में मंगलवार को पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यालय के पुस्तकालय कक्ष में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. बीआर डे और मुख्य अध्यापिका रुचि मेहरा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में बाल साहित्य, विज्ञान, गणित, इतिहास, सामान्य ज्ञान, उपन्यास और प्रेरणादायक जीवनियों सहित विभिन्न विषयों की सैकड़ों पुस्तकें प्रदर्शित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का अवलोकन किया।

उद्घाटन के बाद प्राचार्य डॉ. बीआर डे ने कहा कि पुस्तकें मनुष्य की सबसे अच्छी और सच्ची मित्र होती हैं। पुस्तकों के अध्ययन से ज्ञान बढ़ता है और कल्पनाशक्ति व रचनात्मकता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल और स्क्रीन पर बढ़ते समय के बीच विद्यार्थियों में किताबें पढ़ने की आदत विकसित करना जरूरी है। अच्छी पुस्तकें नैतिक मूल्यों, एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक सोच को मजबूत करती हैं।

पुस्तकालय का नियमित उपयोग करने की अपील

मुख्य अध्यापिका रुचि मेहरा ने विद्यार्थियों से पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग करने और विभिन्न विषयों की पुस्तकें पढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन से विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि होती है और उनके व्यक्तित्व का विकास होता है।

प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने अपनी पसंद की पुस्तकों के बारे में पुस्तकालय प्रभारी बेला एनी तिर्की से जानकारी ली। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को उनकी उम्र और रुचि के अनुसार उपयोगी पुस्तकों के चयन में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

News Nation Bharat 1 50

पठन संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल

विद्यालय में आयोजित इस पुस्तक प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि विकसित करना और उन्हें पुस्तकों के महत्व से परिचित कराना था। यह पहल विद्यार्थियों को मोबाइल और डिजिटल माध्यमों से इतर पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित करने की दिशा में सराहनीय रही।

Other Latest News

Leave a Comment