Bokaro Thermal: डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (बीटीपीएस) के सतर्कता विभाग की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत गोविंदपुर ‘डी’ पंचायत सचिवालय में सतर्कता ग्रामसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा ने नागरिक सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाकर की।
इस दौरान वक्ताओं ने ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि सतर्कता की शुरुआत घर से ही होती है। परियोजना सतर्कता अधिकारी उज्ज्वल विश्वास ने इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा जरूरी है। वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) मनीष चौधरी ने पारिवारिक संबंधों में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के महत्व को बताया। वहीं, केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के स्नातकोत्तर अंग्रेजी शिक्षक शशि रंजन ने डिजिटल सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता पर विचार रखे।

मुखिया चंदना मिश्रा ने लोगों से अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करने और ईमानदारी को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। सहायक नियंत्रक (यांत्रिकी) एवं आयोजन समिति के सदस्य दीनानाथ शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन और समन्वय किया। उन्होंने गृहिणियों, विद्यार्थियों, दुकानदारों और आम नागरिकों के जीवन में सतर्कता की उपयोगिता समझाई। साथ ही, डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सतर्कता बरतने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक ग्रेड-I एवं आयोजन समिति के सदस्य मो. शाहिद इकराम ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में सतर्कता विभाग के मो. काफी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










