Poshan Panchayat : महिला आयोग की सदस्य की अध्यक्षता में पोषण पंचायत कार्यक्रम संपन्न

Poshan Panchayat : मिशन शक्ति फेस 5.0 एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत ब्लॉक राही सभागार में पोषण पंचायत ( Poshan Panchayat ) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की मा0 सदस्य पूनम द्विवेदी ने की।

कार्यक्रम में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषण पंचायत ( Poshan Panchayat ) कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन विभाग एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के हित में संचालित योजनाओं तथा सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।

श्रीमती द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि पोषण ही स्वस्थ समाज की नींव है, और महिला व बच्चों का समुचित पोषण ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने मोटापे की समस्या के समाधान हेतु चीनी, नमक और तेल के सीमित उपयोग, वोकल फॉर लोकल उत्पादों के प्रोत्साहन, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, कन्वर्जेन्स और डिजिटलीकरण जैसे बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने पुरुष सहभागिता और लिंग-संतुलित वकालत की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि परिवारों में सामूहिक जिम्मेदारी के भाव से ही पोषण और स्वास्थ्य परिणामों में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को समुदाय स्तर पर निरंतर जागरूकता अभियान, पोषण पर कार्यशालाएं और आउटरीच गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में उन्होंने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सभागार में उपस्थित लोगो को पोषण शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पांडे द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनय कुमार सिंह, सदस्य भारतीय गोसेवा परिषद सूरज सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

महिला आयोग सदस्य पूनम द्विवेदी ने सखी वन स्टॉप सेंटर, रायबरेली का किया निरीक्षण

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग पूनम द्विवेदी ने रायबरेली स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, संरचना, परामर्श व्यवस्था तथा पीड़ित महिलाओं को दी की जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा तथा सेंटर मैनेजर आस्था ज्योति, काउंसलर श्रद्धा सिंह ने केंद्र की कार्यप्रणाली एवं अब तक के कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाओं को आश्रय, चिकित्सीय सहायता, परामर्श, कानूनी परामर्श एवं पुलिस सहायता जैसी सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

महिला सदस्य ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के लिए एक सशक्त मंच है, जो संकट की घड़ी में सुरक्षा, सहारा और न्याय दिलाने का कार्य करता है। उन्होंने केंद्र की टीम को पीड़ित महिलाओं के पुनर्वास व सशक्तिकरण की दिशा में और अधिक सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में निवासरत महिलाओं से भी उन्होंने संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महिला आयोग सदैव महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी विनय सिंह, सेंटर कर्मचारी शेफाली सिंह एवं संबंधित स्टाफ उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment