Badbil Road Accident : झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा क्षेत्र में बड़बिल तहसील के निकट सीमावर्ती मुख्य सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बड़ाजामदा से बड़बिल की ओर जाने वाली व्यस्त सड़क पर तेज रफ्तार हाईवा (नंबर: OD09G-3210) ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक हाईवा के नीचे आ गई। इस हादसे में बाइक चालक को गंभीर चोटें आईं, जिसमें उनका एक पैर टूट गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालक किरीबुरु क्षेत्र का निवासी है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत सहायता की और घायल चालक को टेंपो के माध्यम से नोवामुंडी के सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को स्थिर बताया है।

स्थानीयों का गुस्सा
घटना स्थल से महज 50 मीटर दूर बड़ा जामदा पुलिस चौकी होने के बावजूद, पुलिस का पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी व्यस्त सड़क पर गति सीमा का पालन न करने वाले वाहनों पर सख्ती की कमी है। उन्होंने मांग की है कि हाईवा चालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो और सड़क सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।










